NEET UG 2022: नीट यूजी आवेदन करेक्शन विंडो शुरू, 27 मई तक कर सकेंगे बदलाव
NEET UG 2022: जिन उम्मीदवारों ने नीट यूजी परीक्षा 2022 के लिए रजिस्ट्रेशन कर लिया है और यदि उनके फॉर्म में कुछ त्रुटि रह गई है तो उसे 27 मई को रात नौ बजे तक संशोधित या सुधार सकते हैं।
विस्तार
NEET UG 2022: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2022 के उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन सुधार विंडो खोल दी है। जिन उम्मीदवारों ने नीट यूजी परीक्षा 2022 के लिए रजिस्ट्रेशन कर लिया है और यदि उनके फॉर्म में कुछ त्रुटि रह गई है तो उसे 27 मई को रात नौ बजे तक संशोधित या सुधार सकते हैं।
आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि नीट यूजी परीक्षा के लिए पंजीकृत सभी उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे एनटीए नीट की वेबसाइट पर जाएं और अपनी सूचनाओं को सत्यापित करें। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अपने संबंधित आवेदन पत्र में जो आवश्यक है उस विवरण में सुधार करें। निर्धारित समय-सीमा के बाद सुधार हेतु कोई अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।
संशोधन के लिए उम्मीदवारों को एनटीए नीट यूजी की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाना होगा। उम्मीदवारों को मोबाइल नंबर, ई-मेल पता, स्थायी पता, पत्राचार पता और राष्ट्रीयता को छोड़कर अन्य सभी विवरणों, अपलोड की गई फोटो और हस्ताक्षर आदि को बदलने की अनुमति है।
उम्मीदवार या तो पिता का नाम या माता का नाम बदल सकता है। हालांकि, यदि उम्मीदवार इन दोनों में से किसी एक को बदल रहा है, तो उम्मीदवार को फोटोग्राफ और हस्ताक्षर बदलने की अनुमति नहीं है। वहीं, यदि उम्मीदवार अपना फोटो और या हस्ताक्षर बदल रहा है, तो उम्मीदवार को अपने पिता या माता का नाम बदलने की अनुमति नहीं है।
नीट यूजी परीक्षा 17 जुलाई को आयोजित की जाने वाली है। परीक्षा तीन घंटे 20 मिनट (दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.20 बजे) की अवधि की होगी। नीट यूजी परीक्षा 13 भाषाओं यानी अंग्रेजी, हिंदी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू में आयोजित की जाएगी।
NEET UG 2022 आवेदन फॉर्म में कैसे करें संशोधन
- उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं।
- होम पेज पर, करेक्शन फॉर नीट (यूजी) -2022 पर क्लिक करें।
- उम्मीदवार अपने एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड का उपयोग करके लॉगिन करें।
- आवश्यक संपादन करें और लागू शुल्क का भुगतान करें।
- फॉर्म जमा करें और भविष्य के संदर्भ के लिए एक प्रिंट आउट लें।
कमेंट
कमेंट X