कोरोना इफेक्ट : अब यहां प्रमोट होंगे कक्षा नौवीं और 11वीं के छात्र, बोर्ड परीक्षा पर सस्पेंस जारी
झारखंड एकेडमिक काउंसिल कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की सैद्धांतिक परीक्षाएं चार मई से 21 मई तक आयोजित की जानी हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झारखंड सरकार ने राज्य में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए प्रदेश में कक्षा नौवीं और 11वीं कक्षा के छात्रों को सीधे प्रमोट करने का फैसला किया है। अब झारखंड में भी पहली से आठवीं कक्षा की तरह ही कक्षा नौवीं और 11वीं के छात्र भी परीक्षा नहीं देंगे। उपरोक्त कक्षाओं के छात्रों को सीधे क्रमश: 10वीं और 12वीं कक्षा में क्रमोन्नत किया जाएगा।
इन दोनों कक्षाओं के छात्र बगैर परीक्षा के प्रमोट कर दिए जाएंगे। इससे पहले झारखंड बोर्ड की ओर से 10वीं 12वीं बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया था। राज्य में बोर्ड कक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षाएं छह अप्रैल से शुरू हो चुकी थीं। इन्हें अब रोक दिया गया है। फिलहाल, प्रायोगिक परीक्षाओं की नई तारीखों की घोषणा नहीं की गई है। वहीं, राज्य में 10वीं और 12वीं बोर्ड की सैद्धांतिक परीक्षाओं को लेकर सस्पेंस गहराता जा रहा है।
राज्य सरकार और झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने अभी तक झारखंड बोर्ड की सैद्धांतिक परीक्षाओं को लेकर फैसला नहीं किया है। इस संबंध में जल्द फैसला हो सकता है। इससे पहले झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने पाठ्यक्रम में 40 फीसदी की कटौती थी। आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, 2021 की कक्षा 10वीं और 12वीं की सभी प्रायोगिक परीक्षाओं को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में अधिक जानकारी बाद में जारी की जाएगी।
बता दें कि झारखंड एकेडमिक काउंसिल कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की सैद्धांतिक परीक्षाएं चार मई से 21 मई तक आयोजित की जानी हैं। कक्षा 10वीं की परीक्षा सुबह की शिफ्ट में 9:45 से दोपहर एक बजे तक और कक्षा 12वीं की परीक्षाएं दोपहर दो बजे से 5:15 बजे तक आयोजित की जाएंगी।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 14 अप्रैल, 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की परीक्षा रद्द करने और 12वीं की परीक्षा स्थगित करने का निर्णय किया था। केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी।
केंद्र सरकार के निर्णय के बाद ओडिशा सरकार, उत्तर प्रदेश में 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित करने, हरियाणा में 10वीं की परीक्षा रद्द व 12वीं बोर्ड की परीक्षा स्थगित करने, मध्यप्रदेश में माध्यमिक शिक्षा मंडल, राजस्थान सरकार ने राज्य राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा आयोजित की जाने वाली 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा स्थगित करने की घोषणा की थी। वहीं, हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी कक्षा 10वीं, 12वीं और स्नातक स्तरीय परीक्षाओं को 17 मई, 2021 तक स्थगित करने का निर्णय किया था।
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें शिक्षा समाचार आदि से संबंधित ब्रेकिंग अपडेट।
कमेंट
कमेंट X