IIT छात्राओं के लिए शुरू करने जा रहा है ये नई चीज, मिलेगा फायदा
IIT छात्राओं के लिए पहली बार इंस्टीट्यूट में गर्ल्स यूनिट की शुरुआत करने जा रहा है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) कानपुर की छात्राएं भी अब एनसीसी की ट्रेनिंग हासिल कर सकेंगी। नए सत्र में 60 लड़कियों को ट्रेनिंग दी जाएगी।
एनसीसी ऑफिसर कर्नल अशोक मोर ने बताया कि अभी तक यहां केवल ब्वॉयज यूनिट संचालित होती थी। यह पहली बार है जब छात्राओं के लिए भी यूनिट की शुरुआत की जा रही है। कर्नल मोर ने बताया कि गर्ल्स और ब्वॉयज दोनों ही यूनिट के एनसीसी कैडेट्स कानपुर और आसपास के जिलों में रहने वाले शहीदों के परिजनों से भी मुलाकात करेंगे। उनकी तकलीफें समझेंगे ताकि सभी को यह मालूम चल सके कि सेना का जवान जिंदा रहते तो समस्याओं से घिरा होता ही है, उसकी शहादत के बाद भी उसका परिवार संघर्ष करता है।
मोबाइल एप से भी पढ़ पाएंगे :
कर्नल मोर के अनुसार इंजीनियरिंग की पढ़ाई में छात्रों को काफी समय देना पड़ता है। ऐसे में आईआईटी के छात्रों की सहूलियत के लिए एक मोबाइल एप भी लांच किया जाएगा। अगर छात्र किसी दिन एनसीसी की क्लास में शामिल नहीं हो पाता है तो वह इस मोबाइल एप के जरिये उस दिन के टॉपिक का अध्ययन कर पाएगा। कैडेट्स अपनी उपस्थिति भी मोबाइल पर ही दर्ज करा सकेंगे।
युवाओं को सेना भर्ती के लिए करेंगे तैयार :
कर्नल मोर के अनुसार इंस्टीट्यूट के आसपास के गांवों के बच्चों को सेना भर्ती की लिखित परीक्षा और शारीरिक परीक्षा के लिए भी तैयार किया जाएगा। इसके लिए एक स्पेशल बैच तैयार किया जाएगा। इस बैच के लिए अभी तक 23 लड़कों और चार लड़कियों का चयन किया गया है। जल्द ही इसकी शुरुआत भी की जाएगी। इसमें आईआईटी के छात्र-छात्राएं युवाओं को लिखित परीक्षा की तैयारी करवाएंगे जबकि एनसीसी के कैडेट्स और ऑफिसर उन्हें शारीरिक परीक्षा के लिए मजबूत बनाएंगे। इस विशेष प्रशिक्षण में 16 से 20 साल तक के बच्चे शामिल हो सकते हैं। इच्छुक युवा मोबाइल नंबर 8901557555 पर अपना नाम, पता व्हाट्सएप कर प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकते हैं। कर्नल मोर के मुताबिक उन्हीं छात्रों को ट्रेनिंग दी जाएगी जो प्री टेस्ट में सफल होंगे।
ये भी पढ़ें : 40 साल बाद बदल रहा है बीएड का पाठ्यक्रम, जानें क्या होंगे बड़े बदलाव
कमेंट
कमेंट X