CBSE Results 2024: 'आज आएगा सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट', ऐसा दावा करने वाले नोटिस की क्या है सच्चाई? यहां जानें
CBSE Results 2024: सीबीएसई बोर्ड कक्षा 10वीं के रिजल्ट से जुड़ा एक नोटिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि बोर्ड आज, यानी 01 मई को 10वीं का रिजल्ट जारी करेगा। यहां इस नोटिस की सच्चाई बताई गई है।
विस्तार
CBSE Results 2024 Date: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) कक्षा 10 के परिणाम को लेकर बोर्ड ने कोई आधिकारिक नोटिस जारी नहीं किया है। सोशल मीडिया पर एक नोटिस वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि रिजल्ट आज, यानी एक मई को आने वाला है। यह नोटिस फर्जी है।
सीबीएसई ने कक्षा 10 के परिणाम की तिथि को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में छात्रों को सतर्क हो जाने की जरूरत है। इसके साथ ही उन्हें आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना चाहिए।
फर्जी नोटिस में परीक्षा नियंत्रक के फर्जी हस्ताक्षर भी शामिल
सीबीएसई कक्षा 10 के परिणाम को लेकर वायरल हो रहे फर्जी नोटिस में वह सारी जानकारी शामिल है, जो सीबीएसई रिजल्ट को लेकर जारी होने वाले आधिकारिक नोटिस में हो सकती है। फर्जी नोटिस में रिजल्ट की तारीख, रिजल्ट की उपलब्धता, उत्तीर्ण मानदंड और मूल मार्कशीट के संग्रह के बारे में दिया गया है। फर्जी नोटिस में सीबीएसई परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज के फर्जी हस्ताक्षर भी हैं।
2020 में भी इसी तरह का एक फर्जी नोटिस सामने आया था, जिसके बाद सीबीएसई को स्पष्टीकरण जारी करना पड़ा था। फर्जी पत्र में सीबीएसई के निदेशक जोसेफ इमैनुएल के फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे।
सीबीएसई बोर्ड परिणाम 2024 की तारीख
सीबीएसई 10वीं और 12वीं 2024 के परिणाम जल्द ही घोषित होने की संभावना है। सीबीएसई कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं परिणाम 2024 मई के पहले सप्ताह में जारी होने की उम्मीद है। हालांकि, हमें इस बात का ध्यान रखना होगा कि परिणाम जारी होने से पहले सीबीएसई की तरफ से आधिकारिक नोटिस जारी किया जाएगा।
कहां मिलेगा रिजल्ट?
सीबीएसई 10वीं और 12वीं 2024 के परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। परीक्षार्थी अपना रिजल्ट सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ एसएमएस सुविधा और डिजीलॉकर के माध्यम से भी देख सकते हैं।
लाखों परीक्षार्थियों को रिजल्ट का इंतजार
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2024 के लिए लगभग 39 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया था। सीबीएसई कक्षा 10वीं की परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होकर 13 मार्च को संपन्न हुई थी। वहीं, कक्षा 12वीं की परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होकर 2 अप्रैल को संपन्न हुई थी। सीबीएसई 10वीं और 12वीं 2024 की बोर्ड परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की गई थी।
कमेंट
कमेंट X