CSAS Portal: डीयू में स्नातक प्रवेश के लिए सीएसएएस पोर्टल लॉन्च, सीयूईटी के स्कोर से मिलेगा दाखिला
DU UG Admission: दिल्ली विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रवेश के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) पोर्टल लॉन्च कर दिया है। प्रवेश के पहले चरण में प्रवेश पाने के इच्छुक उम्मीदवारों को सीएसएएस पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण करना होगा।
विस्तार
DU UG Admission CSAS Portal: दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने आज, 17 जून को 2025-26 स्नातक प्रवेश के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) पोर्टल लॉन्च कर दिया है। विश्वविद्यालय ने बताया कि डीयू के कुलपति योगेश सिंह ने इस शुभारंभ की अध्यक्षता की। हालांकि, खबर बनने तक पोर्टल खुलने में अभी दिक्कत आ रही है, लेकिन यह जल्द ही सुचारु रूप से काम करेगा।
प्रवेश के पहले चरण में, डीयू के अंतर्गत कॉलेजों में प्रवेश पाने के इच्छुक उम्मीदवारों को सीएसएएस पोर्टल के माध्यम से कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) के तहत काउंसलिंग के लिए पंजीकरण करना होगा। सीयूईटी के नतीजे जून के आखिरी सप्ताह में आने की उम्मीद है, जिसके बाद आवंटन किए जाने की संभावना है।
71,000 सीटों की पेशकश
विश्वविद्यालय ने कहा कि पंजीकरण के बाद अभ्यर्थी अपने पसंदीदा पाठ्यक्रम और कॉलेज का चयन कर सकते हैं, जिसके बाद सीटें आवंटित की जाएंगी। सीएसएएस के तहत, डीयू 69 कॉलेजों और विभागों में 79 स्नातक (यूजी) कार्यक्रमों और 183 बीए कार्यक्रम संयोजनों में लगभग 71,000 सीटों की पेशकश कर रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली विश्वविद्यालय स्नातक (UG) प्रवेश के लिए 10वीं के अंकों का उपयोग करेगा, ताकि दो उम्मीदवारों के समान अंक प्राप्त करने की स्थिति में टाई को तोड़ा जा सके। दिल्ली विश्वविद्यालय ने सीएसएएस पोर्टल को और अधिक सुलभ और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाने के लिए इसमें सुधार भी किया है। ऐसा पिछले वर्षों में छात्रों द्वारा की गई गलतियों से बचने के लिए किया गया।
कमेंट
कमेंट X