Delhi University: दिल्ली विश्वविद्यालय को मिला नैक A++ ग्रेड, 2029 तक रहेगी मान्यता
Delhi University: दिल्ली विश्वविद्यालय को NAAC के दूसरे मूल्यांकन चक्र में 3.55 CGPA के साथ सर्वोच्च A++ ग्रेड मिला है। यह मान्यता 2029 तक मान्य रहेगी। कुलपति ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयास और गुणवत्ता सुधार का परिणाम है।
विस्तार
Delhi University: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) ने दूसरे मूल्यांकन चक्र में सर्वोच्च A++ ग्रेड प्रदान किया है। इस बार विश्वविद्यालय को 3.55 का संचयी ग्रेड प्वाइंट औसत (CGPA) मिला है। 8 अगस्त को घोषित यह मान्यता अगले पांच साल, यानी 2029 तक मान्य रहेगी। पिछले मूल्यांकन चक्र (2018) में DU को A+ ग्रेड और 3.28 सीजीपीए प्राप्त हुआ था।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि बेहतर स्कोर इसकी लगातार गुणवत्ता सुधार, शिक्षण और शोध में नवाचार और मजबूत संस्थागत शासन का परिणाम है।
कुलपति योगेश सिंह ने बताया ऐतिहासिक क्षण
इसे विश्वविद्यालय के इतिहास का “ऐतिहासिक क्षण” बताते हुए कुलपति योगेश सिंह ने कहा कि यह पूरी डीयू बिरादरी के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा, “यह उपलब्धि हमारे शिक्षकों, छात्रों, गैर-शिक्षण स्टाफ, पूर्व छात्रों और सभी हितधारकों की प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयास का नतीजा है। यह हमें उच्च मानक स्थापित करने और शिक्षण, शोध व समाज सेवा में उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयां छूने के लिए प्रेरित करता है।”
कुलपति ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि डीयू शिक्षा, शोध और सामुदायिक जुड़ाव में सर्वोच्च मानकों को बनाए रखने और देश के अग्रणी उच्च शिक्षा संस्थानों में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कमेंट
कमेंट X