CUET-UG: 'सर, आंसर-की में कईं गलतियां, चुनौती देने के लिए पैसे...'; उत्तर कुंजी देख भड़के छात्र, कही ये बातें
CUET UG 2024: सीयूईटी-यूजी की उत्तर कुंजी को देखने के बाद में उम्मीदवारों ने दावा किया है कि इसमें कई त्रुटियां हैं। विसंगतियों और त्रुटियों की रिपोर्ट करने के लिए छात्रों ने सोशल मीडिया का सहारा लिया है।
विस्तार
CUET UG 2024: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने 7 जुलाई को कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट-यूजी की अनंतिम उत्तर कुंजी जारी की। छात्रों का आरोप है कि उत्तर कुंजी में कईं त्रुटियां हैं। इन महत्वपूर्ण विसंगतियों और त्रुटियों की रिपोर्ट करने के लिए छात्रों ने सोशल मीडिया का सहारा लिया है। छात्र एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर सीयूईटी-यूजी उत्तर कुंजी में त्रुटि होने का दावा कर रहे हैं।
CUET UG प्रोविजनल आंसर-की पर छात्रों की प्रतिक्रिया
एक छात्र ने CUET UG प्रोविजनल आंसर-की की जांच करने के बाद दावा किया कि 80 फीसदी उत्तर कुंजी गलत है। उसने कहा, "जब मैंने अपनी भूगोल की ओएमआर शीट को सीयूईटी (यूजी) उत्तर कुंजी के साथ जांचा तो मैं हैरान रह गया, क्योंकि 80 प्रतिशत उत्तर कुंजी गलत थी। जब मैंने एनटीए द्वारा दी गई गलत उत्तर कुंजी के साथ संख्या की गणना की तो मुझे केवल 26 अंक मिले, जबकि वास्तव में मुझे 122 अंक मिले।"
एक अन्य एक्स यूजर ने कहा, "देखिए @NTA_Exams आपने कुंजी में इतने सारे गलत उत्तर दिए हैं, आपकी गलती के लिए हजारों रुपये कौन देगा? हम इस फर्जी उत्तर कुंजी पर मूल्यांकन के लिए भुगतान या स्वीकार नहीं करने जा रहे हैं।"
एक अन्य अभ्यर्थी ने कहा, "सर, मुझे सीयूईटी-यूजी आंसर की में कई त्रुटियां मिलीं और मुझे पता है कि अगर मैं सभी त्रुटियों को चुनौती देता हूं (मुझे लगता है कि वे त्रुटियां हैं) तो चुनौती देने की लागत मेरे सीयूईटी आवेदन की लागत से कहीं अधिक होगी।"
CUET UG 2024 पुनः परीक्षा
वहीं, दूसरी ओर एजेंसी ने 30 जून तक प्राप्त CUET UG 2024 परीक्षा के संबंध में सार्वजनिक शिकायतों को स्वीकार कर लिया है। एजेंसी के अधिकारियों ने रविवार को कहा कि यदि परीक्षा के संचालन के बारे में छात्रों के द्वारा उठाई गई कोई भी शिकायत सही पाई जाती है, तो एजेंसी 15 से 19 जुलाई तक प्रभावित उम्मीदवारों के लिए CUET UG पुनः परीक्षा आयोजित करेगी।
9 जुलाई तक दर्ज करें आपत्ति
इस वर्ष 261 केंद्रीय, राज्य, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए CUET UG परीक्षा के लिए 13.4 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। उम्मीदवार CUET UG प्रोविजनल आंसर की 2024 को 9 जुलाई शाम 5 बजे तक चुनौती दे सकते हैं। उम्मीदवारों को चुनौती दिए गए प्रत्येक प्रश्न के लिए 200 रुपये का गैर-वापसी योग्य शुल्क देना होगा।
कमेंट
कमेंट X