CBSE: छात्रों को सुविधा देने के लिए सीबीएसई ने खोले छह नए क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर और रांची में कामकाज शुरू
CBSE Regional Offices: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने देशभर में शिक्षा संबंधी कार्यों को और सुगम बनाने के लिए छह नए क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित किए हैं। इनमें रायपुर और रांची कार्यालय में कामकाज शुरू हो चुका है, जबकि गुरुग्राम कार्यालय 1 सितंबर से कार्यरत होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
CBSE: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध स्कूलों और छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। सीबीएसई ने अलग-अलग राज्यों में छह नए क्षेत्रीय कार्यालय, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) और उप क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना की घोषणा कर दी है। सीबीएसई से संबद्ध सभी स्कूल क्षेत्राधिकार के अनुसार संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा शासित होंगे। इस संबंध में सीबीएसई ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी। इससे छात्रों को सीबीएसई से जुड़े कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
शुक्रवार से छत्तीसगढ़ के रायपुर और झारखंड के रांची में भी नए क्षेत्रीय कार्यालय/सीओई में कामकाज शुरू हो गया। वहीं हरियाणा के लिए गुरुग्राम में नए क्षेत्रीय कार्यालय/सीओई में एक सितंबर से कामकाज शुरू होगा। सीबीएसई के इस क्षेत्रीय कार्यालय से हरियाणा के दक्षिण के 12 जिले कवर होंगे। इसमें चरखी दादरी, फरीदाबाद, भिवानी, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल, पानीपत, रेवाड़ी, रोहतक, सोनीपत और झज्जर जिला शामिल है। नया क्षेत्रीय कार्यालय गुरुग्राम स्थित सेक्टर-34 में होगा। पहले हरियाणा के पंचकुला स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से पूरा राज्य देखा जाता था।
लखनऊ कार्यालय के दायरे में होंगे 30 जिले
लखनऊ में भी एक सितंबर से नए क्षेत्रीय कार्यालय/सीओई में कामकाज शुरू हो जाएगा। इसके दायरे में 30 जिले होंगे। इसमें अमेठी, औरैया, अयोध्या, बहराइच, बलरामपुर, बांदा, बाराबंकी, इटावा, फर्रुखाबाद, फेतहपुर, फिरोजाबाद, गोंडा, हमीरपुर, हरदोई, जालौन, झांसी, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखीमपुर खेरी, ललितपुर, लखनऊ, महोबा, मैनपुरी, पीलीभीत, रायबरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, उन्नाव और श्रावस्ती जिला शामिल है। नया क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित सेक्टर-4 में होगा। इसमें से कई जिले पहले सीबीएसई के प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय के दायरे में आते थे। इसमें लखनऊ भी शामिल था।
दो उप क्षेत्रीय कार्यालय भी हुए शुरू
शुक्रवार को अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर और सिक्किम के गंगटोक में उप क्षेत्रीय कार्यालय में कामकाज शुरू हो गया। वहीं त्रिपुरा के अगरतला स्थित उप क्षेत्रीय कार्यालय में 15 सितंबर से कामकाज शुरू होगा।
कमेंट
कमेंट X