CBSE: 9वीं व 11वीं में यूं ही नहीं बदल पाएंगे स्कूल, दाखिले के लिए ये है नया निर्देश
वैसे तो कक्षा 9वीं और 11वीं में नामांकन कराना सामान्य प्रक्रिया है, क्योंकि कई छात्र-छात्राएं 8वीं और 10वीं कक्षा के बाद स्कूल बदलते हैं। स्कूल बदलने की ये प्रक्रिया छात्र-छात्राओं व अभिभिवकों द्वारा कई कारणों से अपनाई जा सकती है। अब तक देशभर के स्कूलों में 9वीं या 11वीं में दाखिले में ज्यादा परेशानी नहीं आती (बड़े स्कूलों को छोड़कर)। लेकिन अब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से मान्यता प्राप्त किसी भी स्कूल में इन कक्षाओं में दाखिला लेना आसान नहीं होगा। इस संबंध में बोर्ड ने नए निर्देश जारी किए हैं। इसे बोर्ड ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) नाम दिया है।
क्या है एसओपी, दाखिला प्रक्रिया पर क्या होगा इसका असर
सीबीएसई ने एक सर्कुलर जारी करते हुए कहा है कि 9वीं और 11वीं में पढ़ते हुए अलग-अलग कारणों को आधार बनाकर स्टूडेंट्स स्कूल बदलते हैं। कई बार देखा गया है कि शैक्षणिक सत्र के अंत में भी स्टूडेंट्स स्कूल बदलने का आग्रह करते हैं। इससे उनकी पढ़ाई और परीक्षा में प्रदर्शन पर असर पड़ता है, क्योंकि थोड़े समय में वे नए क्लासमेट्स और टीचर्स के साथ घुल-मिल नहीं पाते। इसलिए बोर्ड ने एसओपी बनाया है।
इस एसओपी में अलग-अलग श्रेणियां बनाई गई हैं। श्रेणियों में स्कूल बदलने के अलग-अलग कारणों को बांटा गया है। स्कूल बदलने के कारणों की कुल 11 श्रेणियां बनाई गई हैं। फिर हर श्रेणी के तहत स्कूल बदलने के लिए जरूरी प्रक्रियाएं बताई गई हैं, जिन्हें पूरा करना अनिवार्य है। इसके बिना आप स्कूल नहीं बदल पाएंगे। सीबीएसई द्वारा जारी नियमों की पूरी सूची आप इस खबर में आगे दी गई लिंक के जरिए देख सकते हैं।
बता दें कि बोर्ड ने यह भी कहा है कि स्कूल को 9वीं व 11वीं में किसी छात्र को दाखिला देने के लिए निर्देश के अनुसार सभी जरूरी दस्तावेज बताए गए फॉर्मेट में एक बार में ही सीबीएसई को भेजने होंगे। इसके बाद कोई रिक्वेस्ट किसी भी परिस्थिति में मानी नहीं जाएगी।
ये भी पढ़ें : 2020 बोर्ड परीक्षा में ये पांच बड़े बदलाव करने जा रहा है CBSE, पेपर पैटर्न भी होगा नया
बोर्ड ने जारी की सत्र 2019-20 में स्कूल बदलने की अंतिम तारीख
इसके अनुसार एसओपी की श्रेणी 4 से 10 तक के तहत स्कूल बदलने के लिए अभ्यर्थियों को 15 अगस्त 2019 तक दाखिला लेना होगा। इस तारीख तक बोर्ड द्वारा कोई एक्शन नहीं होगा, न ही कोई प्रोसेसिंग फीस लगेगी।
ये भी पढ़ें : छात्रों के अटेंडेंस को लेकर सीबीएसई ने जारी किया नया निर्देश, सख्त हुए नियम
हालांकि स्टूडेंट्स को 30 सितंबर 2019 तक दाखिले का मौका मिलेगा। लेकिन 16 अगस्त से 30 सितंबर के बीच दाखिला लेने पर सभी केस स्कूल द्वारा पहले बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में भेजे जाएंगे। प्रति स्टूडेंट एक हजार रुपए प्रोसेसिंग फीस भी देनी होगी।9वीं और 11वीं में स्कूल बदलने को लेकर सीबीएसई द्वारा तैयार किया गया एसओपी देखने के लिए यहां क्लिक करें।
दाखिले की तारीख संबंधी आधिकारिक सूचना देखने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X