पीसीएस-2018 और एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा टली, जानें अगली तारीख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा-2018 और पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2018 को टाल दिया है। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा की नई तिथि 24 जून निर्धारित की गई। 24 को ही प्रस्तावित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2018 की तिथि आयोग बाद में घोषित करेगा।
यह निर्णय मंगलवार को हुई आयोग की बैठक में लिया गया। बैठक के बाद आयोग के सचिव जगदीश ने इस बाबत आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा 6 मई को प्रस्तावित थी। इस परीक्षा के तहत एलटी ग्रेड शिक्षक के कुल 10768 पदों पर भर्तियां होनी हैं। इनमें 5364 पुरुष और 5404 महिला शिक्षक के पद शामिल हैं।
इसमें दस लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आयोग ने अनौपचारिक रूप से पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि परीक्षा का आयोजन 6 मई को करा पाना मुश्किल है। आयोग के कैलेंडर में 24 जून को ही पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2018 प्रस्तावित थी। ऐसे में पीसीएस-2018 परीक्षा टाल दी गई। सचिव का कहना है कि इस परीक्षा की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
इसलिए रद्द हुई शिक्षक भर्ती परीक्षा
विज्ञापन में विवाद के बाद कई विषयों में शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी हाईकोर्ट चले गए। हाईकोर्ट ने अभ्यर्थियों को राहत देते हुए हिंदी विषय के अभ्यर्थियों, कंप्यूटर के अभ्यर्थियों और ओवरएज हो चुके अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए अतिरिक्त मौका देने को कहा। आयोग अब इन अभ्यर्थियों से अलग से आवेदन लेगा। इसके लिए अतिरिक्त समय की जरूरत पड़ेगी। पीसीएस मुख्य परीक्षा-2018 के पाठ्यक्रम में संशोधन कर दिया गया है। इसके अलावा इंटरव्यू के नंबर भी आधे हो गए हैं। आयोग को संशोधित पाठ्यक्रम के अनुरूप विज्ञापन जारी करना होगा। इसकी तैयारी चल रही है। ऐसे में 24 जून को परीक्षा का आयोजन मुश्किल था।
वाट्स एप पर पीसीएस-2018 का फर्जी विज्ञापन वायरल
दूसरी ओर मंगलवार को ही व्हाट्सएप पर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2018 का फर्जी विज्ञापन व्हाट्स एप पर वायरल हो गया और आवेदन भी मांग लिए गए। मैसेज वायरल होते ही प्रतियोगियों में खलबली मच गई। उन्होंने आयोग की वेबसाइट खंगाली लेकिन कोई विज्ञापन नहीं था। आयोग के सचिव जगदीश ने बताया कि किसी ने फर्जी विज्ञापन जारी कर शरारत की है। आयोग की ओर से कोई विज्ञापन जारी नहीं किया गया।
आयोग पर हुआ धरना-प्रदर्शन
एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती की नई तिथि घोषित किए जाने की मांग को लेकर युवा मंच के बैनर तले प्रतियोगियों ने मंगलवार सुबह उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में धरना-प्रदर्शन किया। हालांकि कुछ देर बाद ही आयोग में बैठक प्रस्तावित थी। बैठक में परीक्षा का टालते हुए नई तिथि घोषित कर दी गई। प्रतियोगियों ने आयोग के इस निर्णय का स्वागत किया।
कमेंट
कमेंट X