Lakshmanan Meyyappan: लक्ष्मणन बने दुनिया के सबसे युवा पुरुष CA, महज इतनी उम्र में हासिल किया मुकाम
Lakshmanan Meyyappan: दुबई के लक्ष्मणन मय्यप्पन ने 16 साल 141 दिन की उम्र में दुनिया के सबसे कम उम्र के पुरुष चार्टर्ड अकाउंटेंट का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। 15 साल में एसीसीए (ACCA) शुरू करने के बाद उन्होंने सीएफए चार्टर हासिल किया और अब एमएससी फाइनेंस कर रहे हैं।
विस्तार
World's Youngest Male CA: दुबई के लक्ष्मणन मय्यप्पन ने महज 16 साल 141 दिन की उम्र में दुनिया के सबसे कम उम्र के पुरुष चार्टर्ड अकाउंटेंट का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान 10वीं कक्षा पूरी करने के बाद अकाउंटिंग की पढ़ाई शुरू की थी।
मय्यप्पन ने 15 साल की उम्र में एसीसीए की पढ़ाई शुरू की और करीब एक साल में यह प्रोफेशनल अकाउंटिंग योग्यता पूरी कर ली। इसके बाद उन्होंने अपनी पढ़ाई और करियर को आगे बढ़ाते हुए सीएफए चार्टर भी हासिल किया। फिलहाल वह फाइनेंस में एमएससी कर रहे हैं।
लॉकडाउन के दौरान शुरू हुआ अकाउंटिंग का सफर
मय्यप्पन की अकाउंटिंग में दिलचस्पी कोविड-19 महामारी के दौरान बढ़ी। 10वीं की बोर्ड परीक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने इस क्षेत्र में आगे बढ़ने का फैसला किया। उनकी मां भी एसीसीए हैं। कोरोना लॉकडाउन के दौरान उन्होंने मय्यप्पन को अकाउंटिंग की शुरुआती बातें समझाईं। इसके बाद मय्यप्पन ने खुद एसीसीए करने का फैसला लिया।
उन्होंने 15 साल की उम्र में एसीसीए की पढ़ाई शुरू की और करीब एक साल में इसे पूरा कर लिया। इतनी कम उम्र में यह योग्यता हासिल करने के बाद भी उन्होंने पढ़ाई को रोकने के बजाय फाइनेंस के क्षेत्र में आगे की पढ़ाई जारी रखी।
सीएफए के बाद अब एमएससी फाइनेंस की पढ़ाई
एसीसीए पूरा करने के बाद मय्यप्पन ने सीएफए की पढ़ाई की और सीएफए चार्टर हासिल किया। अब वह फाइनेंस में एमएससी कर रहे हैं। पढ़ाई के साथ उन्होंने वित्तीय क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव भी हासिल किया है। वह दुबई की Century Financial में Senior Research Analyst के तौर पर काम कर रहे हैं। उनके काम में निवेश, रिसर्च और एनालिसिस के साथ वित्तीय बाजारों से जुड़े फैसलों में योगदान देना शामिल है।
पढ़ाई के अलावा घड़ियां डिजाइन करने का शौक
मय्यप्पन की रुचि सिर्फ अकाउंटिंग और फाइनेंस तक सीमित नहीं है। खाली समय में उन्हें घड़ियां डिजाइन करने और बनाने में भी दिलचस्पी है। उनकी यह रुचि दिखाती है कि पढ़ाई और पेशेवर उपलब्धियों के साथ उन्होंने अपनी रचनात्मक गतिविधियों के लिए भी जगह बनाई है।
कमेंट
कमेंट X