फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   There was a wave yoga in the capital, Delhiites participated with enthusiasm

International Yoga Day : राजधानी में जल से थल तक रही योग की धूम, दिल्लीवासियों ने उत्साह के साथ की शिरकत

Wed, 22 Jun 2022 04:02 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Wed, 22 Jun 2022 04:02 AM IST
सार

योग प्रेमियों ने यमुना में उतरकर योग क्रियाएं की। वहीं, कनॉट प्लेस, त्यागराज स्टेडियम, जंतर मंतर, लाल किला समेत दूसरे कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। कोरोना महामारी की वजह से तीन साल बाद सार्वजनिक स्थलों पर मनाए गए योग दिवस में बड़ी संख्या में दिल्लीवासियों ने शिरकत की।

विज्ञापन
There was a wave yoga in the capital, Delhiites participated with enthusiasm
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजधानी दिल्ली जल से लेकर थल तक योगमय दिखी। योग प्रेमियों ने यमुना में उतरकर योग क्रियाएं की। वहीं, कनॉट प्लेस, त्यागराज स्टेडियम, जंतर मंतर, लाल किला समेत दूसरे कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। कोरोना महामारी की वजह से तीन साल बाद सार्वजनिक स्थलों पर मनाए गए योग दिवस में बड़ी संख्या में दिल्लीवासियों ने शिरकत की। इन आयोजनों में कई केंद्रीय मंत्रियों समेत उपराज्यपाल वीके सक्सेना, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उनके कैबिनेट सहयोगी भी शामिल हुए।

विज्ञापन


केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की ओर से लालकिला मैदान व जंतर मंतर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी व निर्मला सीतारमण ने शिरकत की, वहीं कनॉट प्लेस में एनडीएमसी के कार्यक्रम में उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने अनेक गण्यमान्य व्यक्तियों के साथ योग किया, जबकि दिल्ली सरकार ने त्यागराज स्टेडियम में योग कार्यक्रम का आयोजन किया, यहां पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के अलावा विधायकों, अधिकारियों एवं आम लोगों ने योग किया।
विज्ञापन


मुख्य कार्यक्रम का पांच स्थानों पर सीधा प्रसारण
एनडीएसमी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में कर्नाटक के मैसूर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का पांच स्थानों पर सीधा प्रसारण दिखाया। उसने कनॉट प्लेस स्थित चरखा पार्क में आयोजित अपने मुख्य कार्यक्रम के अलावा, लोदी गार्डन, नेहरू पार्क, तालकटोरा गार्डन आदि जगह एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण दिखाया।  चरखा पार्क में उपराज्यपाल वीके सक्सेना के साथ एनडीएमसी के अध्यक्ष भूपिंदर सिंह भल्ला, उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय, सदस्य कुलजीत चहल, विशाखा सैलानी, सचिव विक्रम सिंह मलिक के साथ विभागाध्यक्ष और कर्मचारी मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


75 स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित 
एनडीएमसी ने 75 स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए। उसने अपने 45 स्कूलों के साथ पार्कों, उद्यानों, कामकाजी महिला छात्रावास आरडब्ल्यूए/एमटीए क्षेत्र समेत 30 अन्य स्थानों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। इस अवसर पर लगभग 20 हजार प्रतिभागियों ने योग के सामान्य प्रोटोकॉल में योगासनों का प्रदर्शन किया। वहीं तालकटोरा गार्डन में गायत्री परिवार, लोदी गार्डन में पतंजलि और नेहरू पार्क में आर्ट ऑफ लिविंग के साथ योग कार्यक्रम आयोजित किया।

डीयू, आईपीयू और अंबेडकर विश्वविद्यालय में योग  
दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा गांधी भवन के समन्वय से योग वीक का आयोजन किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में कुलपति प्रो. सिंह तथा रजिस्ट्रार विकास गुप्ता सहित दिल्ली विश्वविद्यालय के कई पदाधिकारियों ने योगाभ्यास किया। वहीं 22 जून को योग वीक के दूसरे दिन केंद्रीय संस्कृति एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और योग गुरु रामदेव उपस्थित रहेंगे। वहीं, आईपी यूनिवर्सिटी के द्वारका कैंपस में भी योग शिविर का आयोजन किया गया। इसमें यूनिवर्सिटी के सभी 14 स्कूलों समेत 111 संस्थानों के स्टाफ व छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। मुख्य अतिथि यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. महेश वर्मा ने कहा कि योग में निरोग रहने का सूत्र छिपा है। वहीं, आंबेडकर विश्वविद्यालय में आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कुलपति प्रो. अनु सिंह लाठेर व विश्वविद्यालय के वित्तीय नियंत्रक व योग प्रशिक्षक राजीव तलवार ने योगासन किया।

भाजपा का योग शिविर
दिल्ली प्रदेश भाजपा ने अपने सभी शक्ति केंद्रों पर योग शिविर का आयोजन किया। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता एवं प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दीनदयाल उपाध्याय पार्क में योग शिविर में भाग लिया। आदेश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आज सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में असर दिखाई दे रहा है।

ब्रह्मकुमारी संगठन ने मनाया योग दिवस : ब्रह्माकुमारी संगठन ने पंजाबी बाग स्थित जन्माष्टमी ग्राउंड में योग व ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया। संस्था के अतिरिक्त महासचिव राजयोगी बी के ब्रजमोहन आनंद ने कहा कि भगवत गीता में भगवान ने विश्व का सबसे प्राचीन योग राजयोग सिखाया है। मुख्य अतिथि त्रिनिदाद एंड टोबागो के हाई कमिश्नर रोजर गोपाल थे।

पुलिस आयुक्त ने कर्मियों के साथ किया योगाभ्यास
पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने कहा कि योग जीवन का एक तरीका है और जीवन को सकारात्मक बनाता है। आज के व्यस्तता के दौर में शरीर को निरोग और स्वस्थ रखने में योग सभी की मदद करता है। पुलिस आयुक्त योग दिवस पर जयसिंह रोड स्थित पुलिस मुख्यालय में बोल रहे थे। उनके साथ दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी योगासन किया। इसके अलावा दिल्ली पुलिस के सभी 15 जिलों व अन्य यूनिटों में योगा किया गया।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने किया योगाभ्यास
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने आयोग की सदस्य प्रोमिला गुप्ता व फिरदौस खान और 500 से अधिक महिलाओं और बच्चों के साथ डीडीए पार्क, शास्त्री नगर में योग शिविर में भाग लिया। आयोग ने अपने महिला पंचायत कार्यक्रम की मदद से दिल्ली में 68 योग शिविर भी आयोजित किए, जहां 10,000 से अधिक महिलाओं और बच्चियों ने योग सत्र में 
भाग लिया।

सिग्नेचर ब्रिज पर कार्यक्रम 
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नमामि गंगे, जलशक्ति मंत्रालय और दिल्ली जल बोर्ड ने 75 स्थानों पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया। यमुना पर बने सिग्नेचर ब्रिज घाट पर वरिष्ठ अधिकारियों और समस्त विभिन्न आयु समूहों ने योग किया। 

आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का नाम है योग
दिल्ली स्थित पीतमपुरा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स एनएसपी में आयुष मंत्रालय, डीडीए तथा भारतीय योग संस्थान के तत्वावधान में आठवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जोरशोर से मनाया गया। कार्यक्रम में चार हजार योग साधकों ने हिस्सा लिया। योग गुरुओं ने कहा कि योग का अर्थ है जोड़ना। शरीर को स्वास्थ्य से, चित्त को प्रसन्नता से तथा आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का नाम योग है। योग की प्राचीनता के चिन्ह सिंघु घाटी सभ्यता, मोहनजोदड़ो, हड़प्पा आदि स्थानों की खुदाई में मिलते हैं। देश के प्राचीन मंदिरों व अजंता एलोरा में योग की मुद्राएं, आसन, पद्मासन व ध्यान से संबंधित कलाकृतियां मिलती हैं। साधिका अंजू मित्तल ने कहा कि योग अनुभूति की विद्या है। जब हम नित्य अभ्यास करते हैं। उसमें थोड़ा प्रयास जोड़ते हैं तो हमारा सद्भाव बन जाता है। तभी हमारा योग सिद्घ होता है।

पार्कों में सबसे ज्यादा योग करने वाला दिल्ली पहला शहर 

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को दिल्ली सरकार की ‘दिल्ली की योगशाला’ योजना के तहत 546 जगहों पर 17 हजार से ज्यादा लोगों ने योगाभ्यास किया। त्यागराज स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली देश का वह शहर बन गया है, जहां पार्कों में सबसे ज्यादा लोग योग करते हैं। इस मामले में हजारों की संख्या को लाखों में लेकर जाने का लक्ष्य है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने अपने अस्पतालों में सारा इलाज फ्री कर दिया है। अब हमारा मकसद है कि दिल्ली का हर व्यक्ति योग करे, ताकि कोई बीमार ही न पड़े। अगर योग हमारी जिंदगी का हिस्सा बन जाए, तो बीमारियां भी दूर रहती हैं और तनाव भी दूर होता है।

मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से ‘दिल्ली की योगशाला’ का हिस्सा बनने के लिए अपील करते हुए कहा कि अगर वह योग करना चाहते हैं तो 9013585858 पर फोन कीजिए। दिल्ली सरकार मुफ्त में योग टीचर मुहैया कराएगी। उन्होंने कहा कि जिंदगी के लिए सबसे जरूरी हवा है। भगवान ने हवा फ्री कर रखी है।

अब पता नहीं आने वाले समय में ऐसे पूंजीपति आएं, जो हवा पर भी टैक्स लगा दें। उन्होंने कहा कि कोरोना के समय में पिछले दो साल काफी मुश्किल में बीते। केजरीवाल ने कहा कि हम सब लोग अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर तो मिलते हैं और एक दिन सुबह-सुबह योग भी कर लेते हैं, लेकिन जब तक योग को हम अपनी जिंदगी का हिस्सा नहीं बनाएंगे, तब तक बात नहीं बनेगी।

बहुत सारे लोगों को दिक्कत यह है कि योग सिखाने के लिए आसानी से शिक्षक नहीं मिलते हैं। आजकल योग भी व्यवसायिक हो गया है। अगर शिक्षक कहीं पर हो, तो फीस बहुत लेते हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed