नई दिल्ली। नरेला औद्योगिक क्षेत्र के खेड़ा गांव में शनिवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने जेल में बंद एक बदमाश के पिता की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। बदमाशों ने 6 से अधिक गोलियां चलाईं। मौके पर पहुंची पुलिस गंभीर घायल व्यक्ति को पास के अस्पताल में ले गई, जहां मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की शिनाख्त खेड़ा गांव निवासी ब्रह्म प्रकाश के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि गैंगवार की वजह से वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक दोपहर में सूचना मिली कि खेड़ा गांव में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। छानबीन के बाद पता चला कि ब्रह्मप्रकाश हत्या के मामले में जेल में बंद बदमाश कपिल मान उर्फ कल्लू का पिता था। कपिल मान गोगी गैंग का सदस्य है। पुलिस को आशंका है कि टिल्लू गैंग के बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। घटना के समय ब्रह्म प्रकाश अपने घर और नहर के बीच एक दुकान के पास बैठे थे। इसी दौरान बाइक से आए दो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। पुलिस को मौके से एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें दिख रहा है कि बाइक से दो युवक आए थे। एक युवक बाइक से उतर कर ब्रह्म प्रकाश के पास आया, जबकि दूसरा बदमाश बाइक लेकर कुछ आगे बढ़ गया। गोली मारने के बाद बदमाश अपने साथी की बाइक पर सवार होकर फरार हो गया।