दिल्ली : पुलिस पर हमला कर आरोपी को हिरासत से छुड़ाया, तीन गिरफ्तार
राज पार्क इलाके में तीन पुलिसकर्मियों पर 24 से ज्यादा लोगों ने बोला हमला। एक अन्य मामले में नॉर्थ रोहिणी में पुलिसकर्मियों पर रॉड से वार।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुलिस के मुताबिक राज पार्क इलाके में 6 जनवरी को अपराध शाखा में तैनात हवलदार शशिकांत सिपाही परविंदर और परमजीत के साथ गश्त कर रहा था। इस दौरान एक मुखबिर ने भगोड़े आरोपी सन्नी के इलाके में घूमने की सूचना दी। तीनों पुलिसकर्मियों ने सन्नी को पकड़ लिया। लेकिन सन्नी पुलिस टीम के साथ हाथापाई करने लगा और शोर मचा कर लोगों को जमा कर लिया। शोर मचाने पर 24 से ज्यादा पुरुष और महिलाएं वहां पहुंच गई ।
उन्होंने पुलिस टीम के साथ हाथापाई शुरू कर दी। लोगों ने परमजीत के हिरासत से सन्नी को छुड़ाकर उस पर हमला बोल दिया। सिपाहियों को बचाने के लिए हवलदार शशिकांत ने पिस्टल निकालकर हवा में एक गोली चलाई। गोली चलते ही लोग भाग गए। पुलिसकर्मियों ने भाग रहे तीन लोगों को दबोच कर स्थानीय पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान दर्शन सिंह, संजय और सोनू के रूप में हुई है। तीनों सुल्तानपुरी के रहने वाले हैं। राज पार्क थाना पुलिस ने हवलदार की शिकायत पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने मारपीट करने का मामला दर्ज
कर फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
वहीं एक अन्य मामले में कमला मार्केट थाने की पुलिस फर्जीवाड़े के एक मामले के आरोपी नरेंद्र सिंह को पकड़ने के लिए 7 जनवरी की रात सेक्टर 8 रोहिणी में दबिश देने आई थी। पुलिस टीम ने नरेंद्र सिंह सहित दो आरोपियों को दबोच लिया। अचानक आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई करने लगे। आरोपी नरेंद्र ने रॉड लेकर हवलदार संदीप और बीट के सिपाही पर हमला कर दिया। पुलिस कर्मियों ने नरेंद्र को दबोच लिया।
ड्रग्स तस्करी में दो भाइयों समेत चार लोग गिरफ्तार
स्पेशल स्टाफ ने ड्रग्स तस्करी में दो भाइयों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक वकील, बीबीए स्नातक और एक प्रदेश स्तर का बॉडी बिल्डर है। पुलिस ने चारों के पास से 1200 ग्राम चरस और एक कार जब्त की है। बरामद चरस की कीमत साढ़े नौ लाख रुपये बताई गई है। चारों आरोपी मनाली से ड्रग्स की खेप लाते थे। जिला पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिया एंक्लेव निवासी अंकित नायर भाई दानिश नायर, कृष्णा नगर निवासी गौरव और मनीष शर्मा के तौर पर हुई।
अधिकारियों के मुताबिक 6 जनवरी को स्पेशल स्टाफ ने कल्याणपुरी इलाके में चिल्ला रोड से आ रही कार को रुकवाया। कार की तलाशी में चरस बरामद होने के बाद पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि अंकित नायर इग्नू से स्नातक कर रहा है। वहीं दानिश आईपी यूनिवर्सिटी से बीबीए स्नातक करने के बाद बीपीओ में नौकरी कर चुका है। वहीं गौरव ने साल 2018 में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से एलएलबी की थी। जबकि मनीष शर्मा प्रदेश स्तर का बॉडी बिल्डर होने के साथ ही जिम ट्रेनर है।
हेरोइन समेत ड्रग्स तस्कर और सप्लायर गिरफ्तार
नारकोटिक्स दस्ते ने जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद हेरोइन की तस्करी करने वाले आरोपी और सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 115 ग्राम हेरोइन और इको स्पोर्ट्स कार बरामद की है। पुलिस उपायुक्त परविंदर सिंह ने बताया कि तस्कर की पहचान बृजेश (26) के रूप में हुई है, जबकि सप्लायर की पहचान विक्रम (37) के रूप में हुई है।