दिल्लीः 200 करोड़ ठगने वाला जिम मालिक गिरफ्तार, देता था महंगी कारें बेचने का झांसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीस से ज्यादा लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले ग्रेटर कैलाश-2 निवासी जिम मालिक को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। आरोपी राहुल नारंग (46) अपनी प्रॉपर्टी गिरवी रखने और रोल्स रॉयस और बेंटले जैसे महंगी कारों को बेचने का झांसा देकर कई लोगों और बैंकों से पैसे ले चुका था। पुलिस के मुताबिक आरोपी अय्याशी करने के लिए 200 करोड़ से ज्यादा की ठगी कर चुका है। आर्थिक अपराध शाखा, क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस को उसकी तलाश थी। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम घोषित था। आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि चितरंजन पार्क निवासी सुनील वर्मा ने वर्ष 2018 में 1.15 करोड़ की ठगी की शिकायत की थी। सुनील ने बताया था कि ओलंपिया जिम के मालिक राहुल नारंग ने अपनी छह लग्जरी कारों (रोल्स रॉयस, बेंटले, मर्सडीज, बीएमडब्ल्यू, ऑडी व अन्य) को बेचने के नाम पर उनसे 1.15 करोड़ रुपये लिए थे। आरोपी ने उन्हें केवल एक कार सौंपी। बाकी पांच कारें नहीं दीं साथ ही रुपये भी नहीं लौटाए।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद राहुल दोबारा कोर्ट में पेश नहीं हुआ। मामले में राहुल का गैर जमानती वारंट जारी हो गया था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। शुक्रवार को अपराध शाखा की एसटीएफ को सूचना मिली कि आरोपी राहुल नारंग अपने किसी जानकार से मिलने दक्षिण दिल्ली के यूसुफ सराय इलाके में आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
ग्रेटर कैलाश-2 में रहता था, घर में खोल रखा था जिम
डीयू से ग्रेजुएट राहुल नारंग संपन्न परिवार से था। दिल्ली के पॉश ग्रेटर कैलाश-2 निवासी राहुुल ने घर में ही ओलंपिया जिम खोल रखा था। उसे महंगे होटलों में खाना खाने, बड़े-बड़े ब्रांड के कपड़े पहनने और महंगी गाड़ियां रखने का शौक था। जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी पर चेक बाउंस के 25 से 30 केस चल रहे हैं।