दिल्ली में व्यंजनों का मजा: 17 सितंबर को चांदनी चौक में शॉपिंग फेस्टिवल, 700 बाजारों के संगठन करेंगे शिरकत
दिल्ली के चांदनी चौक में शॉपिंग फेस्टिवल का आयोजन होने जा रहा है। यहां फैशन, फूड और सांस्कृतिक कार्यक्रम का तड़का लगेगा। एक छत के नीचे बड़ी संख्या में चांदनी चौक के व्यापारी 17 सितंबर को जुटेंगे।
विस्तार
चांदनी चौक शॉपिंग फेस्टिवल की तैयारी जोर शोर से चल रही है। यहां एक छत के नीचे बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्रित होंगे। खान-पान के शौकिनों के लिए यह फेस्टिवल विशेष पकवान के साथ होगा। साथ ही खरीदारी करने वालों को भी चांदनी चौक की सभी चीजें मिलेंगी। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी लुत्फ लोग उठा सकेंगे।
चांदनी चौक शॉपिंग फेस्टिवल में फैशन, फूड और सांस्कृतिक कार्यक्रम का तड़का लगा होगा। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री की तरफ से 17 सितंबर को बेलामोंड होटल एवं रिसोर्ट में चांदनी चौक शॉपिंग फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। इस फेस्टिवल में छोटे-बड़े 700 बाजारों के संगठन शिरकत करेंगे।
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड कॉमर्स के चेयरमैन बृजेश गोयल का कहना है कि समाजसेवी व्यापारी नेताओं को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नवरत्न अवार्ड से सम्मानित करेंगे। मंत्री सौरभ भारद्वाज, आतिशी समेत सभी मंत्री, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल, मेयर शैली ओबेरॉय भी शामिल होंगी।
फेस्टिवल में चांदनी चौक के मशहूर व्यंजन जिसमें चाट-पकौड़ी, दही-भल्ले, टिक्की, जलेबी, समोसे, कांजी बड़े सरीखें लजीज व्यंजन का फूड स्टॉल लगेगा। फेस्टिवल सुबह 10 बजे से शुरू होकर रात 10 बजे तक चलेगा, जिसमें फैशन इंडस्ट्री से जुड़े हुए लोगों के लिए फैशन शो भी आयोजित किया जाएगा।