चालबाज भाभी: आशिक से भिजवाया ननद का अश्लील फोटो, मंगेतर हुआ आग बबूला; शादी टूटते ही हुआ साजिश का खुलासा
अश्लील फोटो और संदेश भेजकर युवती की सगाई तुड़वाने वाला आरोपी गिरफ्तार हो गया है। आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाकर मंगेतर को फोटो भेजा है। इस मामले में भाभी की संलिप्तता की जांच होगी।
विस्तार
द्वारका साइबर सेल ने एक युवती का अश्लील फोटो बनाकर उसकी सगाई तुड़वाने वाले आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाकर फोटो को लड़की के मंगेतर के पास भेज दिया था। जिसकी वजह से उसका रिश्ता टूट गया था। आरोपी ने दावा किया कि लड़की की भाभी का पूर्व प्रेमी है और उसके कहने पर उसने घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस ने बिहार से आरोपी को किया गिरफ्तार
आरोपी के इस खुलासे के बाद पीड़िता की भाभी की इस मामले में संलिप्तता की जांच की जा रही है। गिरफ्तार युवक की पहचान बिहार के सारण निवासी शुभम कुमार (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल फोन और सिम बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 20 मार्च को एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से द्वारका साइबर सेल को एक शिकायत मिली।
फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर तुड़वाई शादी
जिसमें एक युवती ने आरोप लगाया कि एक फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल से उसकी अश्लील फोटो और संदेश को उसके मंगेतर के पास भेजा। जिसकी वजह से उनकी सगाई टूट गई है। शिकायत पर पुलिस ने आईटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। निरीक्षक जगदीश कुमार और सुधीर के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी के सर्विस प्रोवाइडर से पंजीकरण विवरण, आईडी के लॉग की गतिविधि और आईपी लॉग के बारे में जानकारी हासिल की। जिसके जरिए पुलिस को पता चला कि फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल को बिहार के सारण का रहने वाले शुभम कुमार ने बनाया था। तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह शिकायतकर्ता की भाभी का पूर्व प्रेमी है। पारिवारिक विवाद होने की वजह से शिकायतकर्ता की भाभी ने उससे शिकायतकर्ता की सगाई तोड़ने के लिए कहा था। उसके बाद उसने पीड़िता को बदनाम करने के लिए एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और शिकायतकर्ता की मंगेतर को अश्लील संदेश और उसकी अश्लील तस्वीरें भेजी। पुलिस ने आरोपी का फोन जब्त कर लिया। जिससे काफी आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। शुभम के खुलासे के बाद पुलिस शिकायतकर्ता की भाभी के खिलाफ तथ्यों की जांच कर रही है।