{"_id":"623a6c346fd68d721c478dea","slug":"new-delhi-fifth-interchange-hub-will-be-built-at-rk-ashram-metro-station-it-will-be-easy-for-passengers-to-reach-central-delhi","type":"story","status":"publish","title_hn":"सहूलियत: आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन पर बनेगा नई दिल्ली का पांचवां इंटरचेंज हब, यात्रियों के लिए मध्य दिल्ली पहुंचना होगा आसान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सहूलियत: आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन पर बनेगा नई दिल्ली का पांचवां इंटरचेंज हब, यात्रियों के लिए मध्य दिल्ली पहुंचना होगा आसान
Wed, 23 Mar 2022 06:09 AM IST
सुशील कुमार
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: सुशील कुमार
Updated Wed, 23 Mar 2022 06:09 AM IST
सार
जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम कॉरिडोर के 29.26 किलोमीटर के दायरे में 25 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए निर्माण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आरके आश्रम पर इंटरचेंज स्टेशन के बनने से पहाड़गंज, नबी करीम, सदर बाजार, घंटाघर, पुल बंगश सहित आसपास के कई क्षेत्रों के अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी।
विज्ञापन
दिल्ली मेट्रो।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दिल्ली मेट्रो के आरके आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। इससे उत्तरी, पश्चिमी दिल्ली सहित नोएडा के बॉटेनिकल गार्डन से यात्रियों की मध्य दिल्ली तक सीधी पहुंच हो जाएगी। ब्लू लाइन के मौजूदा स्टेशन को मजेंटा लाइन के विस्तार को आरके आश्रम स्टेशन पर इंटरचेंज से जोड़ा जाएगा। नई दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, मंडी हाउस के बाद मध्य दिल्ली क्षेत्र में दिल्ली मेट्रो का यह पांचवां इंटरचेंज स्टेशन होगा। इससे मेट्रो के यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।
विज्ञापन
जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम कॉरिडोर के 29.26 किलोमीटर के दायरे में 25 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए निर्माण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आरके आश्रम पर इंटरचेंज स्टेशन के बनने से पहाड़गंज, नबी करीम, सदर बाजार, घंटाघर, पुल बंगश सहित आसपास के कई क्षेत्रों के अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी। इससे यात्री कम समय में मजेंटा लाइन के स्टेशनों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। मेट्रो की लाइन बदलने की इस सुविधा से दोनों लाइनों (ब्लू और मजेंटा) पर यात्रियों की भीड़भाड़ भी कम होगी। नए भूमिगत स्टेशन का निर्माण मौजूदा एलिवेटेड स्टेशन के पास 17 मीटर की गहराई पर किया जाएगा। 225 मीटर लंबा रास्ता, दो लाइनों के मेट्रो स्टेशनों को जोड़ेगा। इस क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर सहित कई और जरूरी सुविधाएं होंगी।
विज्ञापन
यात्रियों की सहूलियत बढ़ेगी
इंटरचेंज स्टेशन के तैयार होने से मध्य दिल्ली में रहने वालों के लिए कई जगह पहुंचना आसान हो जाएगा। इसके अलावा पश्चिम दिल्ली, नोएडा के बॉटेनिकल गार्डन के लिए इंटरचेंज स्टेशन से सीधी पहुंच होगी। मजेंटा लाइन के विस्तार से जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम कॉरिडोर कॉरिडोर पर चित्रगुप्त रोड, सदर थाना रोड, जीटी करनाल रोड सहित आसपास के इलाकों तक भी यात्रियों के लिए नई दिल्ली के इलाकों में पहुंच आसान होगी।
विज्ञापन
राह में चुनौतियां
सिविल इंजीनियरिंग के लिहाज से यह कॉरिडोर बेहद कठिन होगा। नबी करीम, घंटा घर, सदर बाजार जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से मेट्रो के आवागमन के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के तकनीकी विशेषज्ञ अपने अनुभव और नई तकनीक का उपयोग करेंगे। पुरानी दिल्ली के भूमिगत निर्माण की राह में चुनौतियों को पार करते हुए निर्मित होने वाले इस कॉरिडोर से उत्तरी, पश्चिमी, मध्य दिल्ली सहित नोएडा तक सीधी पहुंच होगी।