जी-20 सम्मेलन: 85 करोड़ रुपये से संवरेगी नई दिल्ली, 41 सड़कों का होगा कायाकल्प
नई दिल्ली की सड़कों और गोल चक्करों का पुनर्विकास किया जाएगा, जबकि फुटपाथ व हरित पट्टी को संवारा जाएगा और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए कार्य किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जी-20 सम्मेलन के मद्देनजर नई दिल्ली को सजाने व सवांरने पर एनडीएमसी 85 करोड़ रुपये खर्च करेगी। एनडीएमसी ने यह राशि बुधवार को हुई बैठक में स्वीकृत की। एनडीएमसी 41 प्रमुख सड़कों का पुनर्विकास करेगी। इन सड़कों को मूर्तिकला और अन्य कलाओं के माध्यम से सजाया जाएगा।
सड़कों और गोल चक्करों का पुनर्विकास किया जाएगा, जबकि फुटपाथ व हरित पट्टी को संवारा जाएगा और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए कार्य किया जाएगा। इस संबंध में बैठक में प्रस्ताव पास किए गए। नई दिल्ली इलाके में हरियाली बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी हरी झंडी मिल गई।
करीब सवा छह करोड़ रुपये की लागत से पार्कों के रखरखाव एव हरियाली बढ़ाने पर खर्च किए जाएंगे। पेड़ जियो-टैग होंगे, इससे पेड़ों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने की। बैठक में एनडीएमसी के अध्यक्ष भूपिंदर सिंह भल्ला, उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय, सदस्य कुलजीत चहल, वीरेंद्र कादियान, गिरीश सचदेवा, विशाखा सैलानी, सचिव विक्रम सिंह मलिक आदि मौजूद रहे
एनडीएमसी ने कई प्रस्ताव पास किए
एनडीएमसी ने बाल्मीकि सदन हरिजन बस्ती आवास परिसर के जर्जर 321 फ्लैटों के पुनर्विकास के लिए 6.51 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी। विभिन्न भवनों (वाणिज्यिक परिसरों, बाजारों और कार्यालयों) आदि की साफ-सफाई के 9.75 करोड़ के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई। पंचकुइयां रोड स्थित बाबू समाज सेवा केंद्र के पुनर्विकास के लिए 26.67 करोड़ का प्रस्ताव मंजूर किया गया।
हर घर तिरंगा अभियान को मिली स्वीकृति
एनडीएमसी ने हर घर तिरंगा अभियान संबंधी प्र्रस्ताव को भी स्वीकृति दे दी। इसके तहत 13 से 15 अगस्त के बीच एनडीएमसी क्षेत्र को सजाया जाएगा। कनॉट प्लेस, एसपी मार्ग, शांति पथ, खान मार्केट, सफदरजंग फ्लाई ओवर, रंजीत सिंह फ्लाईओवर और बिजली के खंभों पर तिरंगे लगाए जाएंगे। अभियान के तहत 17 कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। एनडीएमसी के सभी डिजिटल एवं मीडिया पेज पर भी तिरंगा दिखेगा। इसके साथ ही केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय से मिले वीडियो आदि को डिजिटल पैनल पर चलाया जाएगा। प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए स्कूलों को शामिल किया जाएगा। आवासीय आरडब्ल्यूए, व्यापारी एवं मार्केट संगठनों को भी इस कार्यक्रम में भागीदार बनाने का निर्णय लिया गया है। आगामी 12 अगस्त को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में एम्पीथिएटर देशभक्ति गीतों के साथ संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा।