MCD Vote Share: आप को बंपर फायदा तो भाजपा को भी नुकसान नहीं, सिर्फ कांग्रेस पर पड़ी चौतरफा मार
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 के नतीजों की तस्वीर साफ हो चुकी है। नतीजों के आधार पर एमसीडी की सत्ता आम आदमी पार्टी की झोली में चली गई है तो 15 साल बाद एमसीडी से भाजपा की विदाई हो गई है। ऐसे में वोट शेयर की बात करें तो आम आदमी पार्टी को बंपर फायदा पहुंचा, जबकि भाजपा को भी कतई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, कांग्रेस को चौतरफा मार का सामना जरूर करना पड़ा। इस रिपोर्ट में जानते हैं कि किस पार्टी का वोट शेयर कितना रहा और 2017 के चुनावों के मुकाबले उन्हें कितना फायदा-नुकसान उठाना पड़ा।
आम आदमी पार्टी को बंपर फायदा
एमसीडी चुनाव 2022 के अब तक के रुझानों और नतीजों पर गौर करें तो आप सबसे बड़ी पार्टी बनी। दिल्ली की जनता ने विधानसभा के बाद नगर निगम के लिए भी आम आदमी पार्टी और केजरीवाल पर भरोसा जताया। वोट शेयर की बात करें तो इस चुनाव में आम आदमी पार्टी की झोली में 42.05 फीसदी लोगों ने मतदान किया, जो 2017 के नतीजों के मुकाबले कहीं ज्यादा है। दरअसल, 2017 में दिल्ली नगर निगम तीन हिस्सों में बंटा हुआ था। उस वक्त आम आदमी पार्टी को एनडीएमसी में 27.88 फीसदी, एसडीएमसी में 26.44 फीसदी और ईडीएमसी में 23.4 फीसदी वोट शेयर मिला था। अगर इनका औसत देखा जाए तो आम आदमी पार्टी को करीब 25 फीसदी वोट शेयर हासिल हुआ था।
भाजपा को वोट शेयर बढ़ा, लेकिन घट गईं सीटें
नतीजों पर गौर करें तो एमसीडी की सत्ता से 15 साल बाद भाजपा की विदाई हो गई है। हालांकि, वोट शेयर के मामले में भाजपा को कोई नुकसान होता नजर नहीं आ रहा है। 2022 के चुनाव में भाजपा को 39.09 फीसदी वोट शेयर मिलता दिख रहा है, जबकि 2017 के चुनावों में भगवा पार्टी को एनडीएमसी में 35.63 फीसदी, एसडीएमसी में 34.87 फीसदी और ईडीएमसी में 38.61 फीसदी वोट शेयर हासिल हुआ था। अगर औसत पर गौर किया जाए तो भाजपा को 35.5 फीसदी वोट शेयर मिला था।
कांग्रेस बेहाल, वोट शेयर धड़ाम, सीटें भी हाथ से निकलीं
एमसीडी चुनाव 2022 में अगर किसी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है तो वह कांग्रेस पार्टी है। पार्टी के न सिर्फ वोट शेयर में भारी गिरावट आई है, बल्कि उसकी सीटों की संख्या भी काफी कम हो गई है। 2022 के चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर महज 11.68 फीसदी रह गया। वहीं, 2017 के चुनावों पर गौर करें तो एनडीएमसी में कांग्रेस को 20.73 फीसदी, एसडीएमसी में 20.29 फीसदी और ईडीएमसी में 22.84 फीसदी वोट शेयर मिला था। इसका औसत देखा जाए तो यह करीब 21 फीसदी होता है।
सीटों के मामले में क्या है हाल?
एमसीडी चुनाव में सभी 250 वार्ड के नतीजों का एलान हो चुका है। आम आदमी पार्टी ने 134 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा की झोली में 104 सीटें गईं। इसके अलावा कांग्रेस नौ सीटों पर सिमट गई। उधर, निर्दलियों ने तीन सीटों पर जीत हासिल की है।