Delhi Crime : मेकअप आर्टिस्ट के चालक ने ही रची थी 40 लाख लूट की साजिश
आरोपी ने साथी की मदद से 40 लाख लूट लिए। लेकिन पुलिस ने वारदात के चंद ही घंटों में पर्दा उठाकर मेकअप आर्टिस्ट के ड्राइवर और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
दक्षिण दिल्ली के सीआर पार्क में नामी मेकअप आर्टिस्ट के ड्राइवर ने ही मालकिन के यहां लूट की साजिश रच दी। आरोपी ने साथी की मदद से 40 लाख लूट लिए। लेकिन पुलिस ने वारदात के चंद ही घंटों में पर्दा उठाकर मेकअप आर्टिस्ट के ड्राइवर और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान मधुबनी, बिहार निवासी चालक प्रमोद कुमार मंडल (30) और इसके दोस्त फूल कुमार यादव (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए 37.40 लाख रुपये, एक पिस्टल, दो कारतूस और अन्य सामान बरामद कर लिए। आरोपी रुपये लेकर बिहार भागने की फिराक में थे।
दक्षिण जिले की पुलिस उपायुक्त बेनिता मेरी जैकर ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 5 बजे ग्रेटर कैलाश निवासी मेकअप आर्टिस्ट मायरा (22) ने लूट की शिकायत की थी। मायरा ने बताया कि वह बड़ी बहन के साथ मेकअप क्लास लेती हैं। शुक्रवार को एक पांच सितारा होटल में क्लास थी। वहां से करीब 40 लाख रुपये लेकर दोनों कार से ग्रेटर कैलाश अपने घर पहुंची। कार इनका चालक प्रमोद कुमार मंडल चला रहा था।
दोनों बहने कार से उतरकर घर में दाखिल होने लगी, उसी दौरान नकाबपोश एक युवक वहां आया और उसने प्रमोद कुमार की आंख में मिर्च पाउडर फेंका। बाद में उसने प्रमोद से रुपयों का ट्रॉली बैग और उसका मोबाइल लूट लिया। बाद में आरोपी फरार हो गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने फौरन मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और प्रमोद के बयान से पुलिस को कुछ शक हुआ। इस आधार पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो प्रमोद टूट गया।
‘क्राइम पेट्रोल’ देखकर की वारदात
सीआर पार्क पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश में 40 लाख की लूट का पुलिस ने चंद घंटों में पर्दा उठाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने खुलासा किया कि इन लोगों ने टीवी सीरियल क्राइम पेट्रोल देखकर लूट की साजिश रची थी।
एक आरोपी प्रमोद को पता चला था कि मेकअप आर्टिस्ट मायरा के घर में पांच करोड़ से अधिक की रकम रखी है। पहले घर में घुसकर ही लूट की योजना थी, लेकिन ऐन वक्त पर योजना बदल दी गई। प्रमोद ने फूल कुमार को कार में ही मोटी रकम होने की खबर दी, जिसके बाद वह तमंचा लेकर मौके पर पहुंच गया। वहां आंखों में मिर्च पाउडर डालने का नाटक किया गया।
फूल ने आंखों में मिर्च पाउडर डालने के बजाय जमीन पर फेंक दिया। बाद में वह प्रमोद से रुपयों का बैग लेकर फरार हो गया। पीसीआर कॉल होने पर प्रमोद आंख में जलन का नाटक करने लगा, लेकिन पुलिस की जांच में हकीकत से पर्दा उठ गया।
पूछताछ में आरोपी प्रमोद ने बताया कि वह दिल्ली के जमरूदपुर इलाके में किराए का कमरा लेकर रहता है। इसके गांव का ही फूल कुमार भी साथ में रहता था। प्रमोद चालक की नौकरी करता था, जबकि फूल एम-ब्लॉक जीके में पान की दुकान पर नौकरी करता था। दोनों एक साथ टीवी सीरियल क्राइम पेट्रोल देखते थे। यहीं से उन्हें लूट का आइडिया आया।
इसके लिए प्रमोद ने अपने परिचित से एक तमंचे का इंतजाम किया। चूंकि, प्रमोद को पता था कि मायरा के घर में आसानी से धावा बोलकर लूट की जा सकती है, इसलिए उसने फूल कुमार से तैयार रहने के लिए कहा।