दिल्ली: आईएमए ने बाबा रामदेव के खिलाफ थाने में दर्ज कराई शिकायत, देशद्रोह समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग
आईएमए ने कहा है कि बाबा रामदेव की ओर दिया गया बयान देशहित के खिलाफ है। बाबा और उनकी साथियों की मंशा गलत थी। पिछले कुछ दिनों से रामदेव देश के डॉक्टरों और इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च द्वारा स्वीकृत कोरोना की दवाओं के बारे में दुष्प्रचार कर रहे हैं।
विस्तार
एलोपैथी को लेकर दिए गए बाबा रामदेव के बयान के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। देशभर के डॉक्टरों ने उनका विरोध शुरू कर दिया है। गुरुवार को इसी कड़ी में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने मध्य दिल्ली के आईपी इस्टेट थाने में बाबा रामदेव के खिलाफ शिकायत दी है।
अपनी शिकायत में आईएमए ने बाबा रामदेव पर देशद्रोह समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की गई है। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने बताया कि आईएमए की ओर से गुरुवार को उनको शिकायत मिली है। आरोपी की जांच की जा रही है।
अपनी शिकायत में आईएमए ने कहा है कि बाबा रामदेव की ओर दिया गया बयान देशहित के खिलाफ है। बाबा और उनकी साथियों की मंशा गलत थी। पिछले कुछ दिनों से रामदेव देश के डॉक्टरों और इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च द्वारा स्वीकृत कोरोना की दवाओं के बारे में दुष्प्रचार कर रहे हैं। इसके पीछे उनके अपने हित हैं। ऐसा कर वह देश की जनता को इस महामारी के समय भ्रमित कर रहे हैं।
इसकी वजह से गरीब जनता का जान-माल का नुकसान होगा। इसकी भरवाई नहीं की जा सकती है। दूसरी ओर बाबा रामदेव कोरोना की वैक्सीन का लेकर भी लोगों के मन में शंका पैदा कर रहे हैं। बाबा पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए आईएमए ने मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इससे पूर्व बुधवार को आईएमए ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर रामदेव की ओर से वैक्सीन के खिलाफ किए जा रहे दुष्प्रचार को रोकने की मांग की थी।
एक हजार करोड़ रुपये का भेजा मानहानि नोटिस
वहीं, एलोपैथी को लेकर 25 सवाल जारी किए जाने के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) उत्तराखंड ने बाबा रामदेव के खिलाफ लीगल नोटिस जारी किया है। आईएमए ने बुधवार को बाबा रामदेव को एक हजार करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। एसोसिएशन ने कहा कि बाबा रामदेव एलोपैथी का ‘ए’ तक नहीं जानते। हम उनके सवालों के जवाब देने को तैयार हैं, लेकिन पहले वे अपनी योग्यता तो बताएं।
किसी का बाप भी नहीं कर सकता बाबा रामदेव को गिरफ्तार
बता दें कि योगगुरु बाबा रामदेव इन दिनों अपने विवादित बयानों को लेकर लोगों के निशाने पर हैं। बाबा रामदेव का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे कहते नजर आते हैं कि अरेस्ट तो उनका बाप भी नहीं कर सकता। बाबा के इस बयान पर तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा ने रामदेव और सरकार को घेरा। मोइत्रा ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि स्वामी रामदेव को गिरफ्तार तो किसी का बाप भी नहीं कर सकता। भाई और बाप तो विपक्ष को गिरफ्तार करने में व्यस्त हैं।
वीडियो में बाबा कहते नजर आ रहे हैं कि किसी के बाप में दम नहीं जो बाबा रामदेव को गिरफ्तार कर सके। रामदेव कहते हैं कि उन्हें बदनाम करने के लिए कई तरह के ट्रेंड सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे हैं, लेकिन इस तरह की किसी घटना से उन्हें कोई प्रभाव नही पड़ता।
सोशल मीडिया पर शोर मचा रहे हैं लोग
वीडियो में बाबा कहते हैं कि सोशल मीडिया पर लोग शोर मचाते हैं कि अरेस्ट करो, कभी कुछ चलाते हैं और कभी कुछ चलाते हैं। कभी चलाते है कि ठग रामदेव, कभी महाठग रामदेव, अरेस्ट रामदेव कुछ लोग चलाते हैं। चलाने दो इनको। यह वीडियो कब का है, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।