Delhi: मां से झगड़े का किया विरोध, पिता ने बेटे के सीने पर किए चाकू से दो वार; मामूली थी वजह
पिता ने गुस्से में कंप्यूटर इंजीनियर बेटे को रसोई वाले चाकू से सीने पर दो वार कर घायल कर दिया। बेटे का इलाज मैक्स अस्पताल में चल रहा है।
विस्तार
पूर्वी दिल्ली के मधु विहार स्थित आईपी एक्सटेंशन में पिता ने गुस्से में कंप्यूटर इंजीनियर बेटे आदित्य (23) को चाकू मारकर जख्मी कर दिया। बेटा मां के मोबाइल पर एक एप डाउनलोड कर रहा था। एप डाउनलोड नहीं हुआ तो पिता अशोक सिंह (64) पत्नी मंजू से झगड़ा करने लगे।
पिता ने धारदार हथियार से किया हमला
बेटे ने झगड़े में दखल देने का प्रयास किया तो आरोपी ने गुस्से में रसोई वाले चाकू से सीने पर दो वार कर दिए। पुलिस ने धारदार हथियार से हमला करने का मामला दर्ज कर अशोक को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, बाद में जमानत दे दी गई। वहीं, बेटे का इलाज मैक्स अस्पताल में चल रहा है।
आईपी एक्सटेंशन के आशीर्वाद अपार्टमेंट की घटना
पुलिस के मुताबिक, आदित्य परिवार के साथ आईपी एक्सटेंशन के आशीर्वाद अपार्टमेंट में रहता है। अशोक इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड में सीनियर मैनेजर के पद से रिटायर हैं, जबकि आदित्य गुरुग्राम की एक कंपनी में कंप्यूटर इंजीनियर है। पिछले दिनों अशोक ने गुरुग्राम में एक फ्लैट खरीदा था।
इस वजह से हुआ विवाद
फ्लैट के भुगतान में कुछ छूट के लिए उन्होंने बेटे से पत्नी के मोबाइल पर एप डाउनलोड करने के लिए कहा, लेकिन किसी वजह से एप डाउनलोड नहीं हो पा रहा था। ऐसे में अशोक पत्नी से झगड़ा करने लगे। आदित्य ने माता-पिता के झगड़े में दखल दिया तो अशोक ने चाकू से सीने पर दो वार कर दिए। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई। इस बीच एंबुलेंस की मदद से आदित्य को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।