Delhi Kanwar Yatra: ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, शिविरों में CCTV से निगरानी; इन रूट्स पर 24 घंटे नजर
कावड़ यात्रा को लेकर दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं के शिविरों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। वहीं कांवड़ियों के रूट तय किए गए हैं। ट्रैफिक और स्थानीय पुलिस इन रूट्स पर 24 घंटे नजर रखेगी।
विस्तार
दिल्ली में कांवड़ियों के लिए रूट तय कर दिए गए हैं। सभी मार्गों के अलावा दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पीसीआर और ट्रैफिक पुलिसकर्मी रूट पर पेट्रोलिंग करने के अलावा 24 घंटे नजर रखेंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए शिविरों में सीसीटीवी लगा दिए गए हैं। कुछ में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। शिविरों में पुलिसकर्मी भी 24 घंटे तैनात रहेंगे। इस बार दिल्ली में 15 से 20 लाख कांवड़ियों आने व दिल्ली से गुजरने की संभावना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार कांवड़ यात्रा चार जुलाई से 15 जुलाई तक चलेगी।
कावड़ यात्रा के लिए बनाए गए हैं ये रूट्स
अप्सरा बॉर्डर-शाहदरा फ्लाईओवर-सीलमपुर पॉइंट-आईएसबीटी फ्लाईओवर-बुलेवार्ड रोड-रानी झांसी रोड- फ़ैज़ रोड-अपर रिज रोड-धौला कुआँ- एनएच-8 और हरियाणा जाने के लिए रजोकरी की तरफ से प्रस्थान करेंगे।
भोपुरा बॉर्डर-वजीराबाद रोड -लोनी फ्लाईओवर- गोकुलपुरी टी प्वाइंट 66 फुटा रोड-सीलमपुर टी प्वाइंट एन.एच-एक और आगे जाने के नए आईएसबीटी ब्रिज।
भोपुरा बॉर्डर-वजीराबाद रोड-वजीराबाद ब्रिज-बाहरी रिंग रोड-मुकरबा चौक-एन.एच-1 और सिंघू बॉर्डर या मधुबन चौक-पीरागढ़ी से हरियाणा की ओर जाने के लिए टिकरी बॉर्डर तक व आगे जा सकते हैं।
महाराजपुर बॉर्डर, रोड नंबर 56, गाजीपुर बॉर्डर-एन.एच-24-रिंग रोड-मथुरा रोड और हरियाणा के लिए बदरपुर बॉर्डर व उससे आगे जा सकते हैं।
कालिंदी कुंज-मथुरा रोड-बदरपुर बॉर्डर ।
कालिंदी कुंज - मथुरा रोड - मोदी मिल - मां आनंद माई मार्ग- एमबी रोड।
न्यू रोहतक रोड (कमल टी पॉइंट से टिकरी बॉर्डर तक)
नजफगढ़ रोड (जखीरा से नजफगढ़ तक)
ट्रैफिक पुलिस ने किए पुख्ता इंतजाम
इन महत्वपूर्ण सड़कों और चौराहों के अलावा, पूरी दिल्ली में अन्य स्थानों पर भी कांवड़ियों की आवाजाही रहेगी। दिल्ली यातायात पुलिस ने कांवड़ियोंऔर अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की आवाजाही को अलग-अलग करने और आम जनता और भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा ना होने के लिए विस्तृत व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं और सड़क उपयोगकर्ताओं को यातायात नियमों का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई।
होगी वीडियोग्राफी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कांवड़ यात्रा की अवधि के दौरान यातायात नियम के उल्लंघन की मौके पर ही जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी की जाएगी।
मार्ग पर ट्रैफिक को देखते हुए परिवर्तित किया जाएगा
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा एचटीवी (हल्के वाहन) को मोहन नगर से एनएच -24 की ओर मोड़ा जाएगा। ऐसे किसी भी यातायात को भोपुरा बॉर्डर के माध्यम से वजीराबाद रोड या अप्सरा बॉर्डर के माध्यम से जीटी रोड की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सिटी बसों को छोड़कर एचटीवी को जीटी रोड पर शाहदरा और वजीराबाद रोड की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आउटर रिंग रोड पर जीटी करनाल रोड से आने वाली सिटी बसों को छोड़कर भारी व्यावसायिक परिवहन वाहनों को सीधे एनएच -24 की ओर मोड़ दिया जाएगा और उन्हें वजीराबाद रोड और जीटी. रोड पर शाहदरा की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सोनिया विहार, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल वजीराबाद पुश्ता, पुश्ता रोड जैसे आंतरिक क्षेत्रों से आने वाली सिटी बसों को छोड़कर भारी व्यावसायिक परिवहन वाहनों को एनएच -24 लेने के लिए वजीराबाद रोड के माध्यम से बाहरी रिंग रोड की ओर मोड़ दिया जाएगा।
शिविर वाले मार्ग से बचने की सलाह
दिल्ली पुलिस ने दिल्लीवासियों को जिन मार्गों पर शिविर लगे हैं उनसे बचने की सलाह दी है। कांवड़ शिविर स्थापित होने के कारण कई स्थानों व मार्गों पर यातायात में रुकावट होती है। रानी झांसी रोड पर बर्फखाना चौक से फायर स्टेशन, बुलेवार्ड रोड और आजाद मार्केट चौक, गोकलपुरी फ्लाईओवर, 66 फुटा रोड, मौजपुर चौक, बदरपुर टी -प्वाइंट और मथुरा रोड पर शिविरों की वजह से जाम लग सकता है। एन.एच-8 पर धौला कुआं मेट्रो स्टेशन से रजोकरी बॉर्डर तक यातायात में रुकावट हो सकती है। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा अप्सरा बॉर्डर और महाराजपुर बॉर्डर से गाजीपुर की ओर जाने वाले वाहनों के मार्ग को परिवर्तित करने के कारण एन.एच-24 पर भी भारी ट्रैफिक रहने की संभावना है।