दिल्ली: बवाना में तेजाब डालने से झुलसी महिला की हालत बेहद नाजुक, अंगों ने काम करना किया बंद
डॉक्टरों का कहना है कि अगले एक या दो दिन शालू के लिए बहुत अहम होंगे। चेहरे पर तेजाब गिरने की वजह से उसकी आंखों की रोशनी भी चली गई है। दूसरी ओर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोंटू को तेजाब उपलब्ध कराने वाले शख्स राम सेवक को यूपी के शाहजहांपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
भैया अब तो हमारी पत्नी बोलती भी नहीं, न कुछ खाती है, न कुछ कहती है, यदि हमारी पत्नी को कुछ हुआ तो हमारे बच्चों का क्या होगा...। यह कहकर शालू (26) (बदला हुआ नाम) का पति फफकने लगा। बवाना इलाके में तीन नवंबर को घर बुलाकर एक सिरफिरे सनकी युवक ने महिला के हाथ बांधकर उस पर तेजाब डाल दिया था। आरएमएल अस्पताल में महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उसके शरीर के अंगों ने उसका साथ छोड़ना शुरू कर दिया है।
डॉक्टरों का कहना है कि अगले एक या दो दिन शालू के लिए बहुत अहम होंगे। चेहरे पर तेजाब गिरने की वजह से उसकी आंखों की रोशनी भी चली गई है। दूसरी ओर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोंटू को तेजाब उपलब्ध कराने वाले शख्स राम सेवक को यूपी के शाहजहांपुर से गिरफ्तार कर लिया है। राम सेवक का कहना है कि उसके पास तेजाब दिल्ली के नांगलोई इलाके से आया था। पुलिस तेजाब भेजवाने वाले की तलाश कर रही है।
शालू के पति ने बताया कि वर्ष 2011 में उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद उसके तीन बच्चे हुए। नौ साल की बड़ी बेटी व सात और पांच साल के दो बेटे हैं। शादी के बाद वह पति के साथ दिल्ली के पूठखुर्द में आकर रहने लगी थी। इसके बाद आरोपी मोंटू ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया था। पति ने बताया कि कई बार उसकी पत्नी ने मोंटू की शिकायत भी पति से की थी। आरोपी बच्चों को मारने की धमकी देता था।
शालू के पास ही बैठा रहता है पति
शालू के पति ने बताया कि उसके बच्चे वारदात के बाद से फिलहाल बादली में उसके बड़े भाई व भाभी के घर पर हैं। वह खुद 24 घंटे अपनी पत्नी के पास बैठा रहता है। वारदात के बाद कुछ दिन तो उसकी पत्नी अस्पताल में बातचीत करती रही, लेकिन तीन दिन से उसकी पत्नी बेहोश हो गई है। उसने खाना पीना भी छोड़ दिया है। डॉक्टरों का कहना है कि शालू को कई यूनिट ब्लड लगाया जा चुका है। उसकी किडनी के अलावा शरीर के बाकी अंग भी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। उसका डायलिसिस करने पर विचार किया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि तेजाब से शालू के 45 फीसदी हिस्से का मास तक जल गया है।
शादी से मना करने पर दिया वारदात को अंजाम
बवाना के पूठखुर्द इलाके में तीन नवंबर को एक सिरफिरे युवक मोंटू ने अपने कमरे पर शालू को बुलाकर उसके हाथ बांध दिए। आरोपी शालू से शादी करने की बात करता था। मना करने पर आरोपी ने उस पर तेजाब डाल दिया। इसके बाद आरोपी बिहार के बक्सर भाग गया। वह शालू के पति की हत्या की योजना बना रहा था। इसके लिए उसने एक तमंचे का भी इंतजाम किया था। पुलिस ने आरोपी को बक्सर से गिरफ्तार लिया। बाद में उसे दिल्ली लाया गया। पुलिस उसे शाहबाद डेयरी इलाके में हथियार बरामद करने ले गई। वहां आरोपी ने उसी छिपाए हुए हथियार से पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी की टांग में गोली लगी।