UPPSC 2019: यूपीपीएससी परीक्षा में दिल्ली की दो बेटियां टॉप-10 में, करना चाहती हैं जनसेवा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के बुधवार शाम को आए 2019 की परीक्षा के परिणाम में दिल्ली की दो बेटियों ने टॉप-10 में जगह बनाई है। दोनों ने बचपन से सिविल सेवा में जाकर देश और आम लोगों की सेवा करने का सपना देखा था। परीक्षा में दिल्ली की नीलिमा यादव को 8वीं और विकल्प को 10वीं रैंक मिली है। दोनों बेटियां बच्चों की शिक्षा खासकर बच्चियों और महिलाओं के स्वास्थ्य व कौशल विकास पर काम करना चाहती हैं, ताकि उन्हें रोजगार से जोड़ा जा सके। इसके अलावा सरकारी योजनाओं को आम तबके तक पहुंचाकर उन्हें आगे बढ़ने में मदद करना है।
नीलिमा ने कोचिंग व सेल्फ स्टडी से की तैयारी, पहली ही बार में सफल
दक्षिणी दिल्ली स्थित पर्यावरण कांप्लेक्स निवासी नीलिमा यादव के पिता सुंदर यादव दिल्ली पुलिस में एएसआई हैं, जबकि मां शकुंतला यादव स्कूल में शिक्षिका हैं। नीलिमा ने बताया कि लेडी श्रीराम कॉलेज से मैथ्स ऑनर्स में स्नातक के बाद एमबीए भी की है। एमबीए के बाद एक साल तक आईटी सेक्टर में नौकरी भी की। इसके बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया रेजिडेंशिल अकादमी से सिविल सेवा परीक्षा की कोचिंग की। नीलिमा कहती हैं कि कोचिंग के साथ-साथ सेल्फ स्टडी पर ध्यान दिया। पहली ही बार में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा दी और सफलता हासिल हुई है।
बच्चों की शिक्षा के अलावा महिलाओं के स्वास्थ्य और रोजगार पर करेंगी काम
नीलिमा कहती हैं कि मैं बच्चों की शिक्षा के अलावा महिलाओं के स्वास्थ्य और रोजगार पर काम करना चाहती हूं, क्योंकि यदि बच्चों की शिक्षा पर ध्यान दिया जाए तो काफी समस्याओं का हल हो सकता है। इसके अलावा ग्रामीण व दूरदराज के क्षेत्रों में महिलाओं के स्वास्थ्य पर काम करने के साथ उनका कौशल विकास भी जरूरी है, क्योंकि इसके माध्यम से वे मुश्किल वक्त में भी अपने परिवार को रोजगार से जोड़े रख सकती हैं। मुझे ट्रैवलिंग व डांस बेहद पसंद है। मैं मानती हूं कि ट्रैवलिंग के चलते विभिन्न तरह के लोगों, संस्कृति को जानने का मौका मिलता है। इसके चलते भारत की सही मायने में जानकारी मिलती है। घूमने के दौरान आम लोगों की दिक्कतें भी समझ आती हैं।
विकल्प ने बचपन से देश और आम लोगों के लिए काम करने का देखा था सपना
दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के मौजपुर की रहने वाली विकल्प ने दिल्ली विश्वविद्यालय के जाकिर हुसैन कॉलेज से 2014 में बीएससी बॉटनी में स्नातक और साउथ कैंपस से एमएससी पीएमडी में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। विकल्प कहती हैं कि बचपन से सिविल सेवा में जाकर देश और आम लोगों के लिए काम करने का सपना देखा था, इसलिए किसी ओर क्षेत्र में भविष्य बनाने का ख्याल ही नहीं आया। बचपन से पढ़ाई के साथ-साथ अपने सपने को पूरा करने की तैयारी में जुटी रहीं। मेरी मेहनत के साथ इस सफलता का पूरा श्रेय मेरे परिवार को जाता है। दो बार यूपीएससी की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पहली बार उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा दी और पास हो गई। उसे संगीत बेहद पसंद है। इसी के चलते प्रयाग संगीत समिति प्रयागराज से गाने का डिप्लोमा भी किया है।
सेल्फ स्टडी के साथ सपने को पूरा करने पर भी करना पड़ता है फोकस
विकल्प कहती हैं कि किसी भी परीक्षा में सफलता के लिए सिर्फ कोचिंग ही काफी नहीं होती है। सेल्फ स्टडी के साथ अपने सपने को पूरा करने पर फोकस करना पड़ता है। मैंने करंट अफेयर, प्रश्नों के जवाब लिखने के ढंग और राइटिंग स्किल पर खास ध्यान रखा। इसके अलावा आप जो भी सोचें या काम करें, उसका कांसेप्ट बिल्कुल क्लियर होना चाहिए।