कार्रवाई: रोहिणी में फर्जी कॉल सेंटर का किया भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार, आकर्षक योजनाओं में लाभ का झांसा देकर करते थे ठगी
साइबर सेल के उप निरीक्षक आनंद सिंह को सूचना मिली कि सेक्टर 16 रोहिणी के एक मकान में फर्जी कॉल सेंटर चलाया जा रहा है। पुलिस टीम गठित कर वहां दबिश दी गई। पुलिस ने कॉल सेंटर संचालक राहुल राठौर व चार लड़कियों को गिरफ्तार कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रोहिणी जिले की साइबर सेल ने फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है। रोहिणी में चल रहे इस सेंटर पर छापा मारकर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से पुलिस ने छह डॉयलर फोन, छह मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, दो प्रिंटर, एक राउटर और महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए हैं।
शुरुआती जांच में पता चला कि कॉल सेंटर से आरोपी लोगों को आकर्षक योजनाओं में लाभ का झांसा देकर उनसे ठगी करते थे। रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त प्रणव तायल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शकूरबस्ती निवासी राहुल राठौर, बुराड़ी निवासी मुस्कान, काजल, रोहिणी निवासी सोनम और मुकुंदपुर निवासी बबीता के रूप में हुई है।
साइबर सेल के उप निरीक्षक आनंद सिंह को सूचना मिली कि सेक्टर 16 रोहिणी के एक मकान में फर्जी कॉल सेंटर चलाया जा रहा है। पुलिस टीम गठित कर वहां दबिश दी गई। पुलिस ने कॉल सेंटर संचालक राहुल राठौर व चार लड़कियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस राहुल से सेंटर चलाने की अनुमति पत्र व अधिकृत कागजात दिखाने को कहा, लेकिन वह कोई कागजात नहीं दिखा पाया।
पूछताछ में राहुल ने बताया कि वह खुद को क्रेडिट कार्ड प्रदाता बताकर लोगों को आकर्षक योजनाओं के बारे में बताता था। वह आकर्षक ऑफर, गिफ्ट कार्ड, वीआईपी मनी सेविंग कार्ड, हेल्थकेयर स्कीम के बारे में झूठा आश्वासन देकर लोगों से ठगी करता था।
बातचीत के दौरान जो उनके जाल में फंस जाते थे, उन्हें वह योजना का लाभ लेने से पहले बैंक खाते में रुपये जमा करने के लिए कहते थे। एक बार बैंक खाते में रुपये आ जाने के बाद वह कभी भी पीड़ित से बात नहीं करते थे। राहुल ने बताया कि उसके दो सहयोगी बृजेश और दिनेश उन्हें क्रेडिट कार्ड की जानकारी और मोबाइल नंबर मुहैया करवाते थे, जिसपर बात करके वह ठगी को अंजाम देते थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इनके बैंक खातों के जरिए पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इनलोगों ने अब तक कितने लोगों से ठगी कर चुके हैं। साथ ही पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।