{"_id":"616c8b2a7fbe844eeb6801b8","slug":"delhi-ncr-weather-rain-changes-weather-air-quality-getting-bad","type":"story","status":"publish","title_hn":"मौसम का हाल : दिल्ली-एनसीआर में रात भर हुई बरसात, रुक-रुक कर अब भी बूंदाबांदी, बढ़ गई ठंडक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मौसम का हाल : दिल्ली-एनसीआर में रात भर हुई बरसात, रुक-रुक कर अब भी बूंदाबांदी, बढ़ गई ठंडक
Mon, 18 Oct 2021 06:34 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 18 Oct 2021 06:34 AM IST
सार
दो दिन में बिगड़ी दिल्ली की हवा की चाल। बारिश का सिलसिला जारी है।
विज्ञापन
जनपथ पर झमाझम...
- फोटो : ANI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर में कल से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला जारी है। रविवार रुक-रुक कर बारिश होती रही और शाम को शुरू हुई बारिश देर रात से जारी है। दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश चल रही है। बारिश का स्वरूप मानसूनी है। देर से हो रही बारिश के कारण आज सवेरे सड़कों पर जाम की स्थिति होने की आशंका है। आज ही किसानों वे रेल-रोको आंदोलन का भी आह्वान किया है।
विज्ञापन
यही नहीं दिल्ली-एनसीआर में हवा की चाल अब बिगड़ रही है। इसके खराब होने की आशंका है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली के अलावा बुलंदशहर, नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, नजीबाबाद, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और मेरठ (यूपी) के अलग-अलग स्थानों पर मध्यम तीव्रता के साथ तेज बारिश होती रहेगी। विभाग के अनुसार गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पानीपत, मानेसर, भिवानी (हरियाणा) के आसपास और आसपास के इलाकों में मध्यम तीव्रता के साथ बारिश जारी रहेगी।
विज्ञापन
रविवार को दिल्ली का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 298 दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले एक्यूआई 284 रहा था। वहीं, दोपहर दो बजे दिल्ली का एक्यूआई कुछ देर के लिए 339 तक पहुंच गया था जोकि बहुत खराब श्रेणी में माना जाता है। बारिश के कारण अगले 24 घंटे में हवा का स्तर औसत श्रेणी में पहुंच सकता है। इसके अगले दिन हवा का स्तर फिर खराब श्रेणी में पहुंचने की संभावना है।
विज्ञापन
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु मानक संस्था सफर इंडिया के मुताबिक, बीते 24 घंटे में पड़ोसी राज्यों में 815 पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनकी प्रदूषण में दो फीसदी हिस्सेदारी रही। हालांकि, इससे एक दिन पहले पराली जलने की प्रदूषण में 14 फीसदी हिस्सेदारी थी। सफर के अनुसार, पराली जलने की वजह से हवा में पीएम 2.5 का स्तर बढ़ा हुआ है। साथ ही हवा की रफ्तार और मिक्सिंग हाइट भी कम हो गई है, जिससे प्रदूषण अधिक दर्ज किया जा रहा है।
रविवार को हवा की रफ्तार पूर्वी दिशा की ओर हो गई है। साथ ही बारिश की वजह से भी प्रदूषण के स्तर में कमी आएगी। इससे सोमवार को प्रदूषण से थोड़ी राहत मिल सकती है। बीते 24 घंटे में हवा में पीएम 2.5 का स्तर 152(बहुत खराब) व पीएम 10 का स्तर 240 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर दर्ज किया गया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 298 रहा। वहीं, एनसीआर के ग्रेटर नोएडा और नोएडा को छोड़कर बाकी शहरों की हवा बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। फरीदाबाद का एक्यूआई 312, गाजियाबाद क 310, गुरुग्राम का 332, ग्रेटर नोएडा का 244 व नोएडा का 288 एक्यूआई रहा।
उल्लेखनीय है कि बीते दो दिनों में ही दिल्ली-एनसीआर की हवा अधिक बिगड़ना शुरू हुई है। इसके लिए पराली का धुंआ और दिल्ली का प्रदूषण जिम्मेदार माना जा रहा है। दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए धूल विरोधी अभियान भी छेड़ा गया है जोकि 29 अक्तूबर तक चलेगा। इसके तहत अभी तक एक हजार से अधिक निर्माण स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया है।
अलर्ट जारी
दिल्ली-एनसीआर में रविवार को तेज बारिश दर्ज की गई। दोपहर के समय बादलों की वजह से कुछ देर के लिए पूरा आसमान काला हो गया था। इससे उजाले के समय ही अंधेरा छा गया था, जिसके बाद तेज बारिश रिकॉर्ड की गई। शाम साढ़ें पांच बजे तक दिल्ली में 16.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। अगले 24 घंटे में भी दिल्ली में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए हुए थे। दोपहर तक काले बादलों ने आसमान को अपनी आगोश में ले लिया था। दोपहर दो बजे के बाद दिल्ली में तेज बारिश होना शुरू हुई जोकि कुछ देरी के बाद थम गई। इसके काफी देर बाद तक हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो कम 30.4 व न्यूनतम तापमान सामान्य से चार अधिक 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 77 से लेकर 100 फीसदी तक रहा। इस वजह से उमस से लोगों को राहत नहीं मिली।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में तेज बारिश हो सकती है। इसके लिए विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है। अधिकतम तापमान 29 व न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तापमान में कमी आने व बारिश की वजह से वातावरण में हल्की ठंडक भी बढ़ेगी।