दिल्ली: बिजनेस ब्लास्टर्स के तीसरे शो में छात्रों ने स्टार्टअप आइडिया से जीता निवेशकों का दिल, मिली फंडिंग
रविवार को बिजनेस ब्लास्टर्स के तीसरे एपीसोड में जज की भूमिका निभा रहीं सुता की सह-संस्थापक सुजाता और लेप्टन सॉफ्टवेयर के सीईओ डॉ. राजीव सराफ के सामने अपने स्टार्टअप आइडियाज पेश किया और निवेश प्राप्त किया। उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया भी जज की भूमिका में कार्यक्रम में शामिल थे।
विस्तार
दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बाल उद्यमियों ने पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए पानी में घुलनशील और कम्पोस्टेबल प्लास्टिक बनाया है। दिल्ली सरकार ने बताया कि बिजनेस ब्लास्टर्स प्रोग्राम के तहत विकसित स्टार्टअप्स को बड़े उद्यमियों ने फंडिंग की है और साथ ही मेंटरशिप और सहयोग देने का निर्णय लिया है। रविवार को बिजनेस ब्लास्टर्स के तीसरे शो में कई छात्रों ने अपने स्टार्टअप आइडिया साझा किए और निवेशकों का दिल जीतने में कामयाब रहे।
दिल्ली सरकार ने बताया है कि सरकारी स्कूलों से निकले छोटे उद्यमियों के कौशल की पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। इन छात्रों ने प्लास्टिक को विकसित करने के लिए 100 से अधिक प्रयोग किए। अब उन्हें अपने इस कौशल को बाजार तक ले जाने के लिए निवेशकों से 1.5 लाख रुपये मिले हैं।
दिल्ली सरकार के एक स्कूल की चार लड़कियां छोटे विक्रेताओं के व्यापार को बढ़ाने के लिए एक सफल विज्ञापन व्यवसाय चला रही हैं। इसे उन्होंने खाली समय में अपने माता-पिता के फोन के उपयोग से बनाया गया है और बेहद कम समय में इनके इस व्यवसाय को 40 ग्राहक इस्तेमाल कर रहे हैं।
दिल्ली सरकार के स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 15 साल के बच्चों का एक समूह लो-कास्ट और हाई-परफॉरमेंस वाले कंप्यूटर बना रहा है। आधुनिक तकनीक और पुराने हार्डवेयर को कस्टमाइज करके छात्र इसे बना रहे हैं। रविवार को बिजनेस ब्लास्टर्स के तीसरे एपीसोड में जज की भूमिका निभा रहीं सुता की सह-संस्थापक सुजाता और लेप्टन सॉफ्टवेयर के सीईओ डॉ. राजीव सराफ के सामने अपने स्टार्टअप आइडियाज पेश किया और निवेश प्राप्त किया। उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया भी जज की भूमिका में कार्यक्रम में शामिल थे।
छोटे उद्यमियों ने पेश किया आइडिया
पहला आइडिया : अंश वर्मा और उनके साथियों ध्रुव, सभय, देवेश, देवांशी और अश्मिता ने उद्यमियों के सामने अपना पहला आइडिया टेक अप पेश किया। यह छात्रों को लो-कास्ट, हाई-परफॉर्मेंस वाला कंप्यूटर उपलब्ध कराएगा। उद्यमियों ने इनके स्टार्टअप में 75,000 रुपये का निवेश किया।
एसओई द्वारका के छात्र अंश ने बताया कि वह सरल तकनीकी हैक्स का उपयोग करके कम लागत और उच्च प्रदर्शन वाले कंप्यूटर का निर्माण कर रहे हैं और सरकार से मिले सीड मनी का उपयोग करके अपने इस स्टार्टअप को बढ़ाने में भी कामयाब रहे हैं। लेप्टन सॉफ्टवेयर और सुता के कर्मचारियों ने उनके सभी कंप्यूटरों के प्रदर्शन का आकलन करने का ऑफर दिया है।
दूसरा आइडिया : शो का दूसरा आईडिया ‘बायोथीन’ था, इसे मोहम्मद वसीम और उनके साथी वीरेंद्र, मोहित, चेतन, नितिन और विशाल ने प्रस्तुत किया। पर्यावरण की रक्षा पर केंद्रित उनके आईडिया से जज प्रभावित थे। वसीम ने बताया कि बायोथीन का आईडिया पर्यावरण में प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने की आवश्यकता से आया।
तीसरा आइडिया : शो का तीसरा आइडिया ‘जीआरएट एडवरटीजमेंट’ था, इसे स्नेहा, शालिनी, निहारिका और आयशा ने डिजाइन किया है। उनकी टीम को निवेशकों से 70,000 रुपये का निवेश मिला। इसके अलावा सुता की सह-संस्थापक सुजाता ने उन्हें दो टैबलेट देने की पेशकश की है।