दिल्ली: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सिरसा बोले- कंगना रनौत के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज करवाएंगे और भेजेंगे जेल
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने रनौत द्वारा सोशल मीडिया पर डाले गए पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह लगातार सिख भाईचारे के खिलाफ पोस्ट डाल रही हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रशंसा व सिखों के खिलाफ आपत्ति जनक भाषा का प्रयोग करती हैं।
विस्तार
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने बॉलीवुड कलाकार कंगना रनौत के सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट पर आपत्ति जाहिर की है। कहा है कि रनौत के खिलाफ अपराधिक मुकद्दमा दर्ज करवाया जाएगा और उन्हें जेल भेजेंगे।
कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने रनौत द्वारा सोशल मीडिया पर डाले गए पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह लगातार सिख भाईचारे के खिलाफ पोस्ट डाल रही हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रशंसा व सिखों के खिलाफ आपत्ति जनक भाषा का प्रयोग करती हैं। सिरसा ने कहा कि कंगना को अगर सिखों का इतिहास जानना है तो वह अहमद शाह अब्दाली व जनरल डायर के परिवारों से जा कर पूछे। स्वयं सिखों के बारे में ज्ञान प्राप्त हो जाएगा।
कंगना रनौत के माता-पिता से आग्रह करते हुए कहा कि वह अपनी पुत्री को संभाल लें। सिरसा ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि कंगना रनौत मानसिक रूप से बीमार हैं। उन्हें सुरक्षा की नहीं बल्कि अस्पताल की जरूरत है, जहां उनका इलाज हो सके। हम उनपर मुकद्दमा दर्ज करवाएंगे और उन्हें जेल भी भेजेंगे।
कंगना रनौत के खिलाफ डीएसजीएमसी और युवा कांग्रेस ने दी शिकायत
आपत्तिजनक बयानों के सिलसिले में बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) और राष्ट्रीय युवा कांग्रेस ने पुलिस को शिकायतें दी हैं। डीएसजीएमसी की ओर से जानकारी दी गई कि इंस्टाग्राम पर सिखों के लिए आपत्तिजनक भाषा के लिए मंदिर मार्ग थाने के साइबर सेल में शिकायत दी।
कमेटी की ओर से कहा गया है कि अपनी हालिया पोस्ट में कंगना रनौत ने जानबूझकर गलत मंशा से किसान आंदोलन को खालिस्तानी आंदोलन बताया था। कंगना ने सिख समुदाय को खालिस्तानी आतंकी कहा। ये सिख समुदाय के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा है। कमेटी ने कहा कि ये पोस्ट जानबूझकर तैयार और साझा की गई जिससे सिख समुदाय की भावनाएं आहत हों। इसलिए इस शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जाए।
युवा कांग्रेस ने भी दी शिकायत
भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) ने भी शनिवार को अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। ये शिकायत सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में दी गई है। आईवाईसी की ओर से राष्ट्रीय सचिव अमरीश रंजन पांडेय और लीगल सेल के सह-संयोजक अंबुज दीक्षित ने संसद मार्ग थाने में शनिवार को रनौत के खिलाफ शिकायत दी।
आईवाईसी की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तीन कृषि कानूनों को वापस लेने के पीएम के बयान के बाद कंगना ने कहा कि भारत जिहादी राष्ट्र है और यहां तानाशाही होनी चाहिए। शिकायत में कहा गया है कि कंगना रनौत के इंस्टाग्राम पर करीब 78 लाख फोलोअर हैं। उनके गैरजिम्मेदाराना और आपत्तिजनक पोस्ट से अमन शांति और कानून व्यवस्था खराब होने और देश के प्रति नफरत फैलने का अंदेशा है। इस शिकायत में कंगना पर देशद्रोह, माहौल खराब करने के लिए अपमान करना और माहौल खराब करने के लिए शरारात करने संबंधी धाराओं में एफआईआर दर्ज करने का आग्रह किया गया है।