दिल्ली में अपराध : बदसलूकी का विरोध करने पर महिला को उतारा मौत के घाट
लोगों ने आरोपी को दबोच कर जमकर पीटा, नाराज लोगों ने पुलिस की गाड़ियों पर किया पथराव।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डाबड़ी इलाके में रविवार रात अभद्रता का विरोध करने पर नशे में धुत एक शख्स ने महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने घर भाग गया। लेकिन वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की गाडिय़ों पर नाराज लोगों ने पथराव कर दिया। पुलिस ने किसी तरह से घायल महिला और आरोपी को अस्पताल पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। उधर, पिटाई की वजह से आरोपी भी बेहोशी की हालत में है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मृत महिला की शिनाख्त विभा (30) के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ इलाके में सब्जी बेचती थी। उसके दो बच्चे हैं। रविवार रात करीब दस बजे विभा अपनी दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला दीपक नशे में धुत होकर जा रहा था। दीपक प्लंबर का काम करता है। बगल से गुजरते वक्त उसने महिला को कुछ अपशब्द कह दिए। इसका महिला ने विरोध किया और पत्थर और झाड़ू से भगाने की कोशिश की। दीपक दस कदम पीछे गया और अपने टूल बॉक्स से एक हथियार निकालकर महिला का गला रेत दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद बाद वह आराम से अपने घर की ओर जाने लगा। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने आरोपी का पीछा किया और उसे घर से दबोच लिया। इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी और महिला को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में पहुंचाया। इधर आक्रोषित लोगों ने आरोपी दिलीप की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस की गाडिय़ों पर आक्रोषित लोगों ने पथराव कर दिया।
पुलिस ने लोगों को शांत करवाया और आरोपी को हिरासत में लेकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। दिलीप यहां एक रिश्तेदार के साथ रहता है।
बदमाश के घुंटने में लगी गोली, छह पिस्टल, 104 कारतूस बरामद
द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ ने गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करने वाले एक घोषित बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। रूकने का इशारा करने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में बदमाश के घुटने पर गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस उसे इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। बदमाश के कब्जे से पुलिस ने छह पिस्टल, 104 कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक हुंडई आई 10 कार बरामद की है। पूछताछ में बदमाश ने बताया कि वह हथियार की खेप को मेरठ से लाया था।
जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान बिंदापुर निवासी दीपक(23) के रूप में हुई है। वह बिंदापुर थाने का घोषित बदमाश है। उसपर लूटपाट के कई मामले दर्ज हैं। हाल के दिनों में द्वारका, डाबड़ी, बिंदापुर और उत्तम नगर इलाके में फायरिंग की घटना को देखते हुए स्पेशल स्टाफ ने बदमाशों को हथियार मुहैया करने वालों पर निगरानी बढ़ाई। जांच के दौरान पता चला कि बिंदापुर थाने का घोषित बदमाश दीपक सद्दाम उर्फ गौरी और विक्की उर्फ टक्कर गैंग के बदमाशों को हथियार सप्लाई करता है। निरीक्षक नवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दीपक पर निगरानी बढ़ाई। 4 अक्तूबर तड़के पुलिस को दीपक के द्वारका सेक्टर 18 के पास आने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आई 10 कार से आए बदमाश को रूकने के लिए कहा। बदमाश कार से उतरकर पुलिस टीम पर गोली चलाते हुए भागने लगा। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। जिसमें एक गोली बदमाश के घुंटने पर लगी। बाद में पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ में दीपक ने बताया कि वह सद्दाम उर्फ गौरी और विक्की उर्फ टक्कर गैंग को हथियार सप्लाई करता है। दोनों गैंग के बदमाश त्योहार के दिनों में शराब बेचने वालों से हथियार के बल पर उगाही करने की योजना बना रहे थे। पैसे नहीं देने वालों उनकी हत्या करने वाले थे। उसने बताया कि वह हथियार का खेप मेरठ से लेकर आया था। पुलिस ने जांच के बाद बताया कि दीपक पर पहले से लूटपाट के पांच मामले दर्ज हैं। पुलिस बदमाश को हथियार मुहैया करवाने वाले की तलाश कर रही है।
पारिवारिक विवाद में रिश्तेदार के 14 साल के बेटे को किया अगवा
शाहबाद डेयरी इलाके में 14 साल के किशोर को अगवा करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके निशानदेही पर एक मकान में बंधक बनाए गए किशोर को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पिस्टल और कारतूस बरामद किया है। आरोपियों ने खुलासा किया है कि उसकी चचेरी बहन की शादी किशोर के मामा से हुई है। लेकिन विवाद की वजह से उसकी बहन अपने घर पर रह रही है। जिसका बदला लेने के लिए उनलोगों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर जांच में जुटी है।
जिला पुलिस उपायुक्त बिजेंद्र कुमार यादव ने बताया कि रोहिणी सेक्टर 24 निवासी मोनू और अशोक के रूप में हुई है। 1 अक्तूबर को शाहबाद डेयरी निवासी देवेंद्र ने अपने 14 साल के बेटे अमित के अगवा होने की शिकायत थाने में की। पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू की। 3 अक्तूबर की रात 11 बजे पुलिस ने गश्त के दौरान हथियार लेकर घूम रहे मोनू और अशोक को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अमित को अगवा करने की बात कबूल की। उसने बताया कि उसकी चचेरी बहन की शादी अमित के मामा से हुई है।
लेकिन मनमुटाव की वजह से उसकी बहन माता-पिता के घर रह रही है। जिसका बदला लेने के लिए उनलोगों ने अमित की हत्या करने के मकसद से उसे अगवा कर लिया। इसके लिए उनलोगों ने उत्सव अपार्टमेंट में 30 सितंबर को तीन हजार रुपये में एक कमरा किराए पर लिया था। पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर अमित को वहां से बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि मोनू पेशे से ड्राइवर है और अशोक का मोटरसाइकिल मरम्मत की दुकान है।