दिल्ली में अपराध : 500 रुपये न देने पर चाकू घोंपकर हत्या, पराठा नहीं दिया तो मार दी गोली
आनंद पर्वत में एक लड़के ने दिया वारदात को अंजाम। आरोपी लड़का बालिग या नाबालिग पुलिस कर रही है पता। सफदरजंग अस्पताल के सामने खाना नहीं देने पर एक युवक को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में महज 500 रुपये की लेनदेन में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त सोनू कुमार (22) के रूप में हुइ है। हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के परिजन उसे नाबालिग बता रहे हैं। पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।
शुरूआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि सोनू ने आरोपी से 500 रुपये उधार लिये हुए थे। अब वह आरोपी अपने रुपये वापस मांग रहा था। लेकिन सोनू उसके रुपये वापस नहीं कर रहा था। इससे खफा होकर लड़के ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से मामले की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक सोनू परिवार के साथ आनंद पर्वत इलाके में रहता था। वह छोटा मोटा काम करता था। कुछ समय पूर्व वह एक मामले में जेल गया था। एक अक्तूबर को ही वह जेल से छूटकर बाहर आया था। घटना शुक्रवार देर रात को हुई। शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि नेहरु नगर गली नंबर-9 में एक युवक जख्मी हालत में पड़ा है। उसके सीने पर दो और एक पेट में चाकू लगा हुआ था। घटना स्थल पर काफी खून बिखरा हुआ था। पुलिस ने फौरन घायल को आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हुई। शनिवार को उसकी पहचान की गई। इसके बाद जांच शुरू की गई। टेक्नीकल सर्विलांस से पुलिस को पता चला कि वारदात में इलाके का ही एक लड़का शामिल है। पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि सोनू ने उससे 500 रुपये उधार लिये हुए थे। बार-बार मागने पर भी वह रुपये नहीं लौट रहा था। पुलिस पकड़े गए आरोपी की उम्र का पता करने का प्रयास कर रही है।
पराठा नहीं देने पर युवक को गोली मारी
सफदरजंग अस्पताल के सामने खाना नहीं देने पर एक युवक को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवक खाने में पराठा मांग रहे थे। समय ज्यादा होने पर ढ़ाबे मालिक ने पराठा देने से मना कर दिया। पीसीआर के मौके पर से हट जाने से आरोपी युवकों ने रविवार तड़के वारदात को अंजाम दिया। मौके पर कई राउंड गोली चलाने की बात कही जा रही है। सूचना मिलते ही दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी गौरव शर्मा समेत आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
दक्षिण-पश्चिमी जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये घटना रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुई। सफदरजंग अस्पताल के गेट नंबर-छह के सामने जय साई चौधरी खाने का छोटा से ढ़ाबा लगाता है। यहां पर रात करीब साढ़े तीन बजे चार-पांच युवक आए और खाने के लिए पराठा मांगने लगे। ढ़ाबे पर काम करने वाले रामकिशन(29) ने समय ज्यादा होने की बात कहकर पराठा देने से मना कर दिया। इस पर आरोपी युवक झगड़ा करने लगे। दोनों पक्षों में बहस व झगड़ा होने लग गया। रामकिशन पास में खड़ी पीसीआर वैन से पुलिसकर्मियों को बुला लाया।
पीसीआर में तैनात पुलिसकर्मियों ने युवक को देर रात तक घूमने की वजह पूछने व तलाशी लेने की बजाय समझा-बुझाकर भेज दिया। रविवार तड़के साढ़े चार बजे पीसीआर अस्पताल के सामने से चली गई। इसके बाद ये युवक फिर आए और रामकिशन को पूछने लगे। आरोपी युवकों में से एक युवक ने रामकिशन को देखते ही उसे गोली मार दी। गोली रामकिशन की जांघ में लगी। गोली रामकिशन की जांघ में से आर-पार हो गई। उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। आरोपी ने मौके पर कई राउंड गोलियां चलाईं।