दिल्ली: कोरोना जांच के बहाने बुजुर्ग महिला से ठगी, बातों में उलझाकर गहने और 50 हजार रुपये ले भागे जालसाज
प्रेमलता अपने पति राम कुमार और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सेक्टर 9 रोहिणी में रहती है। वह एमटीएनएल से रिटायर है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि चार दिसंबर की दोपहर तीन बजे बैंक से पैसे निकालने गई थी। तभी जालसाजों ने उसे बातों में उलझाकर उसे लूट लिया
विस्तार
प्रशांत विहार इलाके में जालसाजों ने कोरोना महामारी की जांच करने के बहाने एक बुजुर्ग महिला से गहने और 50 हजार रुपये ठग लिए। घटना के समय महिला बैंक से पैसे निकालकर घर जा रही थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
प्रेमलता अपने पति राम कुमार और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सेक्टर 9 रोहिणी में रहती है। वह एमटीएनएल से रिटायर है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि चार दिसंबर की दोपहर तीन बजे बैंक से पैसे निकालने गई थी। वहां से 50 हजार रुपये निकालने के बाद वह ई-रिक्शा से पीपल चौक पर पहुंची, जहां से वह पैदल घर जा रही थी। इसी दौरान एक युवक ने आवाज लगाकर उससे कहा कि एक शख्स उसे बुला रहा है।
युवक उसे किनारे में ले गया, जहां एक युवक थर्मामीटर लेकर खडा था। उसने जांच कर बताया कि उन्हें बुखार है। उसने कहा कि कोरोना फैल रहा है और आप घूम रही हैं। उसके बाद युवक गहने देखकर कहने लगा कि यहां लगातार वारदातें होती है और आप गहने पहन कर घूम रही हैं।
महिला ने बताया कि इसके बाद उसने गहने निकालकर बैग में रखने के लिए कहा। कड़ा निकल नहीं रहा था। इसी दौरान एक तीसरा युवक आया और कड़ा निकालने प्रयास करने लगा। कुछ देर बाद एक युवक वहां से चला गया और तेल लेकर आया। फिर तीनों ने तीन कड़ा और सोने की चेन निकालकर उसे कागज में रखकर बैग में रखने लगा। इस दौरान उन लोगों ने पचास हजार रुपये भी देख लिए। उसके बाद सभी बाइक पर बैठकर चले गए।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि घर पहुंचने के बाद महिला ने अपने बैग से पैसे और गहने निकालने लगी तो बैग से नकली कड़े मिले, जबकि पैसे गायब थे। उसने तुरंत पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।
महिला के बयान और मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।