दिल्ली: सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारी से ठगी में भोजपुरी सिंगर गिरफ्तार, बुजुर्ग करना चाहते थे फिल्मों में काम
सेवानिवृत होने के बाद उसकी फिल्मों में काम करने की इच्छा थी। फरवरी 2020 में फेसबुक पर एक पोस्ट मिली, जिसमें बालाजी टेलीफिल्म्स में कास्टिंग के बारे में जानकारी दी गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रानीबाग थाना पुलिस ने फिल्म में काम दिलाने का झांसा देकर एक बुजुर्ग से लाखों रुपये ठगी करने वाले भोजपुरी सिंगर को गिरफ्तार किया है। एक्टिंग का शौक रखने वाले आरोपी ने खुलासा किया है कि उसे भी इसी तरह फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर मुंबई में ठगी की गई थी। आरोपी करीब 30-40 भोजपुरी ऑडियो-वीडियो गाने जारी कर चुका है। पुलिस ठगी के अन्य मामलों की जांच कर रही है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त परविंदर सिंह ने बताया कि भारतीय रेलवे से सेवानिवृत्त रानीबाग निवासी कंवरपाल सिंह ने 10 अप्रैल को थाने में ठगी की शिकायत की। जिसमें बताया कि वह बचपन में पंजाबी एलबम में बाल कलाकार के रूप में काम कर चुका है। सेवानिवृत होने के बाद उसकी फिल्मों में काम करने की इच्छा थी। फरवरी 2020 में फेसबुक पर एक पोस्ट मिली, जिसमें बालाजी टेलीफिल्म्स में कास्टिंग के बारे में जानकारी दी गई थी।
उन्होंने अपना बायोडाटा पोस्ट कर दिया। कुछ दिन बाद उनके पास करण शर्मा नाम के व्यक्ति का फोन आया। जिसने खुद को कास्टिंग मैनेजर बताया और उनके बायोडाटा को स्वीकार किए जाने की बात कही। साथ ही आगे की ऑडिशन के लिए आर्टिस्ट कार्ड की जरूरत बताकर 16 हजार रुपये बैंक खाते में जमा करवा लिए। इसी तरह से उसने कई अवसरों पर कुल 4.70 लाख रुपये बैंक खाते में डलवाए। उसके बाद शिकायतकर्ता का फोन उठाना बंद कर दिया।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच कर आरोपी मूलत: गांव मालिकपुर, गाजीपुर यूपी निवासी जितेंद्र कुमार मिश्रा (36) को पुलिस ने मदनपुर खादर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उसके पिता दिल्ली के फिल्मीस्तान स्थित डीसीएम फैक्टरी में काम करते थे। फैक्टरी बंद होने के बाद परिवार गांव चला गया। जितेंद्र की पैदाइस दिल्ली की थी। गांव में 12वीं करने के बाद वह वापस दिल्ली आ गया।
ओखला के एक्सपोर्ट फैक्टरी में काम करने के साथ-साथ वह मंडी हाउस के अस्मिता थियेटर से जुड़ गया। 2016 में उसने महत्वकांक्षी कलाकार के रूप में फेसबुक पर अपना बॉयोडाटा अपलोड किया। मुंबई से उसके पास फोन आया। लेकिन मुंबई में उसकी कमाई को लोगों ने ठग लिया। उसे किसी भी फिल्म में काम नहीं मिला।
वापस दिल्ली आकर निजी कंपनी में काम करने लगा। उसने फेसबुक पर दीपू पंडित सिंगर के नाम से एक प्रोफाइल बनाया और करीब 30-40 भोजपुरी ऑडियो-वीडियो गाने जारी किए। फरवरी 2020 में उसने फेसबुक पर शिकायतकर्ता का बायोडाटा देखकर उससे उसी तरह से ठगी की, जिस तरह से उससे ठगी की गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी से ठगी के अन्य मामले का खुलासा हुआ है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।