- सौरभ भारद्वाज ने कहा, भाजपा दिल्ली में तोड़ रही झुग्गियां, बेघर हो रहे लोग
नई दिल्ली। दिल्ली के अलग-अलग जगहों की झुग्गियों पर हो रही तोड़फोड़ के विरोध में आम आदमी पार्टी 29 जून को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेगी। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा वह अलग-अलग इलाकों में झुग्गी बस्ती में रहने वाले लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। रविवार को आदर्श नगर विधानसभा और मॉडल टाउन विधानसभा में स्थित झुग्गी बस्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों ने सौरभ भारद्वाज के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा। उन्होंने कहा, लोग डर के साए में जी रहे हैं, न जाने कब दिल्ली सरकार उनकी झुग्गियों को भी उजाड़ दे। इन झुग्गी बस्तियों में गरीब मजदूर झारखंड, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु सहित अन्य राज्यों से आकर लोग रहते हैं। अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने, सम्मानजनक जिंदगी देने और दो वक्त की रोटी का इंतजाम करने के लिए मेहनत मजदूरी करते हैं। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के अलग-अलग जगहों पर हुई बैठकों के माध्यम से भाजपा की दिल्ली सरकार के खिलाफ 29 जून को एक बड़े आंदोलन की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा कि 29 जून को जंतर मंतर पर एकत्रित होंगे और केंद्र सरकार से इस संबंध में उचित कदम उठाने की अपील करेंगे।