{"_id":"6088864e8ebc3ea80a0b31c8","slug":"20-hours-waiting-for-last-rites-in-delhi","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली के हालात : अंतिम संस्कार के लिए 20 घंटे की वेटिंग, हर जगह इंतजार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली के हालात : अंतिम संस्कार के लिए 20 घंटे की वेटिंग, हर जगह इंतजार
Wed, 28 Apr 2021 03:16 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 28 Apr 2021 03:16 AM IST
सार
- टीन शेड में जल रही थीं 50 चिताएं
- पार्किंग में शव लिए वाहन कर रहे बारी का इंतजार
विज्ञापन
Corona virus deaths
- फोटो : amar ujala
विस्तार
कोरोना संक्रमण की इस लहर का राजधानी पर कहर कुछ ऐसा है कि रोज सैकड़ों लोगों की जान जा रही है। हालात ऐसे हैं कि श्मशान घाट में शवों के अंतिम संस्कार के लिए भी 20 घंटे की वेटिंग है। मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित मेेस्सी अंतिम संस्कार केंद्र में टीन शेड के नीचे बने प्लेटफार्मों पर 50 चिताएं जल रही थीं। केंद्र के आसपास, फर्श पर शव लावारिस जैसे पड़े थे। पार्किंग में अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर आए परिजनों के वाहनों की लंबी कतार थी।
विज्ञापन
केंद्र की मालकिन विनीता मेस्सी ने कहा कि उन्होंने जीवन में ऐसा भयानक मंजर नहीं देखा था। लोग परिजनों के शवों को लेकर अंतिम संस्कार के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। सभी श्मशान घाटों में शवों को जलाने के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। सरकारी आंकड़ों को मानें तो इस महीने 3601 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इनमें से केवल सात दिन में 2267 लोगों ने जान गंवाई है।
विज्ञापन
पश्चिमी दिल्ली के अशोक नगर निवासी युवा व्यवसायी अमन अरोड़ा ने सोमवार को पिता एमएल अरोड़ा को दिल का दौरा पड़ने से खो दिया। अमन ने बताया कि पिता को सीने में तकलीफ महसूस हुई तो वे उन्हें लेकर कई निजी अस्पतालों में गए। सभी जगह उन्हें भर्ती करने से इनकार कर दिया गया। आखिर उनकी जान चली गई।
विज्ञापन
सोमवार को वे पिता का शव लेकर अंतिम संस्कार करने के लिए पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर श्मशान घाट पर पहुंचे तो वहां पता चला कि लंबी वेटिंग है। उन्हें अंतिम संस्कार के लिए मंगलवार का समय दिया गया। उन्हें डर था कि तब तक पिता केे शव में सड़न शुरू हो सकती है। उन्होंने पिता के शव को सड़ने से रोकने के लिए किराए पर रेफ्रिजरेटर की व्यवस्था की।