कई ने भागकर बचाई जान: घर जाने के लिए बिहार के मजदूरों ने मांगा वेतन, मालिक ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; एक की मौत
प्लांट मालिक और कर्मियों ने जब मजदूरों से मारपीट शुरू की तो मजदूर सभी प्लांट छोड़कर बाहर जंगल की ओर भागने लगे। आरोपियों की हैवानियत से डरे मजदूर इधर-उधर छुपने की कोशिश कर रहे थे। प्लांट मालिक और अन्य बदमाश गाड़ी में बैठकर मजदूरों का पीछा करते रहें। हमलावरों से बचने के लिए वह गंदे नाले में कूद गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के बल्लभगढ़ स्थित गांव मिर्जापुर में रक्षाबंधन पर घर जाने के लिए पैसे मांगे तो रेडी-मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांट मालिकों ने कर्मचारियों के साथ मिलकर मजदूरों को दौड़ा-दौड़ाकर सरिया डंडों से पीटा। हमलावरों ने उनके चंगुल में आए एक मजदूर की पीट-पीट कर हत्या कर दी, जबकि अन्य ने छिपकर जान बचाई। रविवार रात को मजदूर अपना कई माह से बकाए वेतन मांगने गए थे। बाद में हमले में बेसुध मजदूर को उपचार के लिए निजी अस्पताल में लेकर गए जहां डॉक्टरों ने मजदूर को मृत घोषित कर दिया। थाना सदर पुलिस ने कंपनी मालिकों और कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कंपनी मालिक और उसके जीजा को गिरफ्तार कर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मूलरूप से बिहार के जिला छपरा निवासी अमित कुमार फरीदाबाद के गांव मिर्जापुर स्थित टीवीसी आरएमसी प्लांट में रहते हैं और यहीं करीब दो से तीन महीने से मजदूरी कर रहे हैं। प्लांट पर अमित के मामा बेचन साह (35) भी काम करते थे। प्लांट मालिक रमेश तिवारी और ज्ञानी पार्टनर के रूप में हैं। यहां मजदूरों को 12 हजार रुपये प्रति माह का वेतन निर्धारित था। प्लांट पर उनके अलावा कुछ अन्य मजदूर भी कार्य करते हैं।
अमित और बेचनसाह का प्लांट मालिकों पर वेतन लगभग 65 हजार रुपये बकाया था। 18 अगस्त की रात को वह व उनके मामा समेत प्लांट में कार्यरत अन्य मजदूर रक्षाबंधन त्योहार पर गांव जाने के लिए मालिक से बकाया वेतन लेने गए। प्लांट मालिकों ने अमित और बेचन के 65 हजार में से उनको 29 हजार रुपये दिए। प्लांट मालिकों ने बाकी पैसे देने से मना कर दिया। आरोप है कि मजदूरों के विरोध करने से नाराज प्लांट मालिक रमेश तिवारी व ज्ञानी ने प्लांट के अन्य कर्मियों बबलू, राजेश कुमार, जोगेन्द्र के साथ मिलकर मजदूरों से मारपीट शुरू कर दी।
अमित और अन्य मजदूर भाग खड़े हुए लेकिन बेचनसाह उनके चंगुल में फस गए। आरोपियों ने बेचन को लाठी, डंडे व सरिये से जमकर पीटा। घायल होने पर आरोपी बेचन को अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमित ने बताया कि आरोपियों ने पहले मिक्सर प्लांट में शराब का सेवन किया। उसके बाद शराब के नशे में उन्होंने मजदूरों को पीटा।
नाले में छिपकर मजदूरों ने बचाई जान
प्लांट मालिक और कर्मियों ने जब मजदूरों से मारपीट शुरू की तो मजदूर सभी प्लांट छोड़कर बाहर जंगल की ओर भागने लगे। आरोपियों की हैवानियत से डरे मजदूर इधर-उधर छुपने की कोशिश कर रहे थे। प्लांट मालिक और अन्य बदमाश गाड़ी में बैठकर मजदूरों का पीछा करते रहें। हमलावरों से बचने के लिए वह गंदे नाले में कूद गए। मजदूर सोनू, मदन कुमार, नितेश कुमार, शाह ने बताया कि नाले के गंदे पानी के बाहर केवल सिर निकालकर कई घंटों तक नाले में छुपे रहे।
पुलिस के आने के बाद निकले मजदूर
हमलावर जब मौके से चले गए उसके बाद जैसे-तैसे करके एक मजदूर मदन पानी से निकलकर पुलिस चौकी पहुंचा और इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को पानी से बाहर निकाला। थाना सदर प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि आरोपी बेचन शाह को मारपीट करने के बाद खुद ही अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन उसकी निजी अस्पताल में मौत हो गई। मामले में मुख्य आरोपी मिक्सर प्लांट के मालिक रमेश तिवारी उसके जीजा राजेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।