महिला को संबंध बनाने को मजबूर कर रहा अफसर
एक नामी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी का ब्रांच हेड अपने अधीन सीनियर पद पर काम करने वाली महिला अधिकारी के साथ अश्लील हरकतें व बदसलूकी करता था।
महिला का आरोप है कि आरोपी उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था। सफदजंग एंक्लेव थाना पुलिस ने महिला अधिकारी की शिकायत पर आरोपी ब्रांच हेड के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट करने का मामला दर्ज कर लिया गया है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला सलोनी (बदला हुआ नाम) ईडेलवेइस टोकियो लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में सीनियर पद पर तैनात है।
वह खुद को उसे सौंप दे तो वह उसका प्रमोशन करवा देगा
सलोनी ने दर्ज एफआईआर में कहा है कि उसके ब्रांच हेड अमित धवन ने पहले दिन से ही उसके साथ दोस्ती बढ़ानी शुरू कर दी। वह उसके ऊपर हक जताने लगा।
वह किसी के साथ उठने-बैठने नहीं देते थे। वह उससे कहने लगे कि वह खुद को उसे सौंप दे तो वह उसका प्रमोशन करवा देगा।
मंगलवार को जब सलोनी फील्ड में थी तो ब्रांच हेड ने कई बार उसे फोन किया और धमकी देने लगे कि उसकी बात नहीं मानी तो नौकरी से निकलवा देगा।
दो सहकर्मियों को उसे मारने के लिए भेजा
सलोनी का कहना है कि उसने ब्रांच हेड की हरकतों से एचआर के वाइस प्रेसीडेंट को अवगत कराया। 17 नवंबर को छुट्टी के दिन अमित धवन ने उसे ऑफिस बुलाया और फिर समझौता करने की बात कही।
24 नवंबर को जब वह सहकर्मी से बात कर रही थी तो ब्रांच हेड ने दो सहकर्मियों को उसे मारने के लिए भेजा और झगड़ा करने लगा।
इसके बाद सलोनी ने इसकी शिकायत 100 नंबर पर पुलिस को की। सफदरजंग एंक्लेव थाना पुलिस ने मामला दर्जकर तफ्तीश शुरू कर दी है।