UP: गीता के मोबाइल में ऐसा क्या था, जो बन गया जान का दुश्मन? विधवा महिला के दोस्त ने बताया क्यों उसे मार डाला
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गीता के पति की करीब नौ माह पहले मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद गीता के गांव के ही बिजेंद्र से अवैध संबंध हो गए थे। लेकिन गीता शातिर किस्म की महिला थी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गांव खुडलिया के जंगल में नहर की पटरी किनारे झाड़ियों में मिले गीता के शव के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा करते आरोपियों ने बताया कि महिला अवैध संबंधों के चलते ब्लैक मेल कर रही थी। इसी से परेशान होकर महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कार, 20230 रुपये व अवैध हथियार बरामद किया है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि 25 दिसंबर को सिंभावली थाना क्षेत्र के ग्राम खुड़लिया में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। मृतका की शिनाख्त गाजियाबाद के गांव सदरपुर थाना मधुबन बापूधाम निवासी गीता देवी के रूप में हुई थी। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की तो दो लोगों के नाम प्रकाश में आए थे। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी ग्राम सदरपुर थाना बापूधाम जनपद गाजियाबाद निवासी बिजेंद्र उर्फ बिरजू और कस्बा डासना छप्पर वाली मस्जिद के पास थाना बेव सिटी गाजियाबाद निवासी शकील है। कई दिन तक फरार होने के बाद पुलिस ने बिरजू पर 25 हजार का इनाम भी रख था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गीता के पति की करीब नौ माह पहले मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद गीता के गांव के ही बिजेंद्र से अवैध संबंध हो गए थे। लेकिन गीता शातिर किस्म की महिला थी और उसने बिजेंद्र से संबंध बनाने के दौरान बिजेंद्र का वीडियो और फोटो ले लिया। इसके बाद उसने बिजेंद्र को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। नवंबर माह में बिजेंद्र की बेटी की शादी थी और शादी में वीडियो दिखाकर किसी प्रकार का हंगामा न करने की शर्त पर उससे चार लाख रुपये भी ले लिए थे, जिससे बिजेंद्र आहत था। पति के मरने के बाद गीता के ससुर ने अपनी वसीयत अपने पौत्रों के नाम कर दी थी। जिसका विवाद भी गीता का परिवार के लोगों से चल रहा था और उसने बिजेंद्र को आश्वासन दिया था कि वह अपनी जमीन उसके नाम कर देगी। लेकिन बिजेंद्र भविष्य में उसके द्वारा ब्लैकमेल किए जाने की आशंका से परेशान था। इसलिए उसने उसकी हत्या की योजना बना डाली।
50 हजार रुपये में शकील को दी थी हत्या की सुपारी
एसपी ने बताया कि बिरजू से शकील की जान-पहचान दिल्ली जेल में हुई थी। बिरजू ने शकील को महिला की हत्या करने के लिए पचास हजार रुपये की सुपारी दी थी। 24 दिसंबर को उन्होंने गाजियाबाद से महिला को घुमाने के बहाने अपनी बिना नंबर की कार में बैठाया। कार में महिला को शराब पिलाई। जब गाड़ी हापुड़ जनपद में पहुंची तो महिला ने लघुशंका की इच्छा जाहिर करते हुए कार को सिंभावली क्षेत्र में नहर किनारे रुकवाया। जहां मौका पाकर दोनों ने गोली मारकर महिला की हत्या कर दी और शव को छोड़कर फरार हो गए। शकील को बिजेंद्र ने तीस हजार रुपये दे दिए थे और बीस हजार रुपये बाकी थे।
सीसीटीवी की मदद से पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी बिजेंद्र उर्फ बिरजू शातिर अपराधी है। आरोपी के खिलाफ गाजियाबाद, दिल्ली के विभिन्न थानों में बलवा, हत्या, डकैती, लूट समेत विभिन्न धाराओं के आठ मुकदमे दर्ज हैं। हत्या के दौरान दोनों पकड़े न जाएं इसके लिए उसने काफी एहतियात बरती, लेकिन हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में उसकी कार में बैठी गीता को देख लिया गया और पुलिस कार को ट्रेस कर आरोपियों तक पहुंच गई।