मकान बेचकर भाई ने दिया था बहन को लाखों रुपए, वापस न देने पड़े इसलिए उठा लिया ये कदम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डबुआ कॉलोनी में बृहस्पतिवार को घर में मृत मिले राज मिस्त्री त्रिलोकी की हत्या लेनदेन के विवाद में उसकी बहन ने ही की थी। त्रिलोकी ने अपना मकान बेचकर बहन के पास 7.25 लाख रुपये रखवाए हुए थे। त्रिलोकी उन रुपयों को वापस मांग रहा था और अक्सर नशे में बहन व उसके बच्चों के साथ मारपीट करता था।
इससे तंग आकर त्रिलोकी की बहन ने ही गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
नेहरू कॉलोनी निवासी लालचंद ने बृहस्पतिवार को डबुआ कॉलोनी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका 30 साल का भतीजा त्रिलोकी राज मिस्त्री का काम करता था। करीब 5 साल पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। पिछले करीब एक साल से त्रिलोकी डबुआ कॉलोनी में अपनी बहन रजनी (परिवर्तित नाम) के पास रह रहा था।
लालचंद के अनुसार बुधवार शाम को त्रिलोकी काम से लौटने के बाद खाना खाकर सो गया। मगर बृहस्पतिवार सुबह वह नहीं उठा। त्रिलोकी की बहन उसके कमरे में पहुंची, तो उसने त्रिलोकी को मृत पाया। पुलिस के अनुसार त्रिलोकी की बहन व जीजा ने उसके दाह संस्कार की तैयारी शुरू कर दी थी।
मगर उसका चाचा वहां पहुंचा तो उसके गले पर निशान देखकर उसने पुलिस को सूचित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम पीजीआई रोहतक में करवाया गया तो रिपोर्ट में पता चला कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। जांच क्राइम ब्रांच डीएलएफ प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार को सौंपी गई।
इंस्पेक्टर नवीन ने बताया कि जांच करने पर पता चला कि त्रिलोकी नशेड़ी था और अक्सर अपनी बहन व उसके बच्चों को पीटता रहता था। बुधवार शाम को घर आने के बाद उसने अपने भांजे के हाथ की एक उंगली भी तोड़ दी थी। पुलिस ने रजनी से पूछताछ की, तो वह बार-बार बयान बदल रही थी। इस पर जब उससे सख्ती के साथ पूछताछ की तो उसने त्रिलोकी की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
रजनी ने बताया कि नोटबंदी से पहले उसके भाई ने अपना मकान बेचकर उसके पास 7.25 लाख रुपये रखवाए थे। उसके बाद से वह उनके साथ रह रहा था। अब वह उन रुपयों को वापस मांग रहा था। इसको लेकर अक्सर नशे में उनके साथ झगड़ा करता और मारता पीटता था।
बुधवार शाम को भी नशे में धुत त्रिलोकी ने उसके बेटे के साथ मारपीट की और उंगली तोड़ दी। इससे तंग आकर आधी रात को उसने त्रिलोकी के कमरे में रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।