करवाचौथ पर पति ने नहीं दिए पैसे, पंखे से झूली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के न्यू अशोक नगर में शनिवार को करवाचौथ पर पति के रुपये नहीं देने पर महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि, उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
वहीं, महिला के परिजनों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, नीरज (24) पति दीपक (27) के साथ दल्लूपुरा में रहती थी। दीपक नोएडा निगम में स्वीपर है। उसने पुलिस को बताया कि नीरज करवाचौथ पर दो हजार रुपये मांग रही थी। वह पांच सौ रुपये दे रहा था।
दरवाजा तोड़ कर देखा तो...
इसी बात पर उनमें कहासुनी और हाथापाई हो गई। इसके बाद नीरज कमरे में चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर तक अंदर से कोई जवाब नहीं आने पर उसने दरवाजा तोड़ा तो नीरज पंखे से लटकी थी।
वह उसे लालबहादुर शास्त्री अस्पताल ले गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसने घटना की जानकारी खिचड़ीपुर निवासी ससुराल वालों को दी। परिजन अस्पताल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। साढ़े छह साल पहले शादी होने से पुलिस ने एसडीएम को सूचित किया।
वहीं, नीरज के पिता हीरालाल ने दीपक पर बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। हीरालाल ने पुलिस को बताया कि वाल्मीकि जयंती पर दीपक ने नीरज को उनके घर रुपये लेने के लिए भेजा था। नीरज अक्सर दहेज के लिए प्रताड़ित करने की बात कहती थी।