मुंबई की वारदात का वीडियो वायरल हुआ तो लूटपाट करने दिल्ली आ गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मीरा रोड, मुंबई में की गई झपटमारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया तो आरोपी मुंबई से भागकर दिल्ली आ गए। दिल्ली में यह सफारी कार व ऑटो में लिफ्ट देने व सस्ते किराए का लालच झांसा देकर सवारी से लूटपाट करते थे।
दक्षिण पश्चिम जिले के वाहन चोरी निरोधक दस्ते (एएटीएस) ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो कट्टे, चार कारतूस, टाटा सफारी, सवारियों से लूटे चार बैग और चोरी के दो दुपहिया बरामद हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ मुंबई में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दक्षिण-पश्चिम जिला डीसीपी देवेंद्र आर्या के अनुसार हाईवे पर लूटपाट करने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए जिले के एएटीएस प्रभारी राजेश मलिक की देखरेख में एसआई महेश कुमार, एएसआई कंवर सिंह व एएसआई देवेन्द्र की टीम बनाई गई।
इस टीम ने सागरपुर में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान गांव बैर्माबाद गढ़ी, थाना नाहतोर जिला बिजनौर निवासी आमिर सोहैल (24), मुंबई निवासी रियाज आलम (35) और गांव मिलक जमालपुर शेख थाना नाहतोर तहसील धामपुर, बिजनौर यूपी निवासी दिनेश (29) के रूप में हुई। इन आरोपियों ने पूछताछ में मुंबई में वारदात करना स्वीकार किया है।
यह आरोपी लूटपाट, झपटमारी व चोरी की वारदात करते थे। यह किराए के ऑटो या टाटा सफारी में धौला कुंआ, बस अड्ड़े व रेलवे स्टेशन से सवारी को बैठा लेते थे। फिर सवारी को हाईवे पर सुनसान जगह पर ले जाकर लूट लेते थे।
घर की खराब माली हालत के कारण आमिर सोहैल ने पढ़ाई छोड़ दी और मुंबई जाकर रिक्शा चलाने लगा। मुंबई में यह शातिर बदमाश रियाज, सतीश व परवेज के संपर्क में आया। आमिर सोहैल ने वारदात के लिए दो कट्टे खरीदे थे। सोहैल के खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। रियाज आलम की मीरा रोड, मुंबई में महिला से झपटमारी की वीडियो वायरल हो गई थी।
मुंबई पुलिस का दबाव बढ़ने पर यह आरोपी दिल्ली आ गए। दिनेश को वर्ष 2014 में हत्या के प्रयास के मामले में नगिना, यूपी पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
और ये बदमाश लूटने के लिए बिहार से आते थे दिल्ली
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना पुलिस ने एक गैंग के छह बदमाशों व खरीदार को गिरफ्तार कर ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो बिहार से दिल्ली आकर होटलों में ठहरता था और फिर स्टेशन पर ट्रेनों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 20 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से दो मामले सुलझाने का दावा किया है।
पुलिस उपायुक्त हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान बेगुसराय बिहार निवासी सुबोध कुमार (24), राजेश(42) व मुकेश (27), वैशाली बिहार निवासी नीरज कुमार (29) व सतेंद्र (22) और पटना बिहार निवासी छोटन कुमार (30) के रूप में हुई है। बेगुसराय बिहार निवासी चंदन सिंह (33) खरीदार है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि चलती ट्रेन में सामान चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी। टीम ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। इसमें दिखा कि कुछ लोग बैग लेकर प्लेटफार्म पर जाते हैं और अलग अलग तरह के बैग लेकर वापस बाहर निकल जाते हैं। पुलिस ने ऐसे लोगों पर निगरानी बढ़ाई और बृहस्पतिवार को प्लेटफार्म संख्या 6-7 पर मौजूद गैंग के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि वह सभी बिहार के रहने वाले हैं। वह बिहार से दिल्ली आते थे। फिर पहाड़गंज के होटल में रुक कर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चोरी करते थे। वह रफ्तार कम होने पर सभी ट्रेन में चढ़ जाते थे और ऐसे लोगों के सामान की चोरी करते थे जो प्लेटफार्म आने पर सामान लेकर गेट पर खड़े हो जाते हैं।
उन लोगों ने बताया कि रेकी करने के लिए वह प्लेटफार्म टिकट खरीदकर प्लेटफार्म पर आतेे थे। सामान की चोरी करने के बाद उसे बिहार में बेच देते थे या फिर अपने साथ आए खरीदार को बेचते थे।