नातिन घर पहुंची तो खून से लथपथ पड़ी थी नानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
त्रिलोकपुरी इलाके में मंगलवार सुबह दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्यारे सामान भी लूटकर ले गए। मृतका की शिनाख्त हसीना बेगम (70) के रूप में हुई है।
मंगलवार दोपहर हसीना की रिश्ते की नातिन घर पहुंची तो उसने नानी का शव खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा हुआ देखा। खबर मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शुरुआती जांच के बाद पता चला है कि हसीना के घर से कैश व जेवरात गायब है। मयूर विहार थाना पुलिस अलग-अलग दृष्टिकोणों से मामले की छानबीन कर रही है।
14 साल की नर्गिस को अपने पास बुला लिया था
मूलरूप से असमत सराय, बुलंदशहर निवासी हसीना बेगम 411/32 त्रिलोकपुरी में रहती थी। छोटे से मकान में वह ग्राउंड फ्लोर पर खुद रहती थीं, जबकि पहली व दूसरी मंजिल पर लंबे समय से किरायेदार रहते हैं।
हसीना के यहां कोई बच्चा नहीं था। कुछ माह पूर्व हसीना ने बुलंदशहर से अपने रिश्तेदार की 14 साल की किशोरी नर्गिस को अपने पास बुला लिया था।
हसीना ने नर्गिस का पास के सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा में दाखिला करवा दिया था। मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे नर्गिस अपने स्कूल चली गई, हसीना ने ही उसे नाश्ता बनाकर दिया था।
घर में तेज आवाज में टीवी चल रही थी
दोपहर करीब 1.00 बजे जब वह वापस आई तो उसने देखा कि घर में तेज आवाज में टीवी चल रही थी। कमरे की लाइट भी बंद थी। नर्गिस ने जैसे ही लाइट ऑन की तो नानी का शव बिस्तर पर पड़ा देखकर शोर मचा दिया। गुजारे के लिए हसीना झालर बनाने का काम करती थीं।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस लूटपाट समेत अन्य दृष्टिकोणों से मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हसीना का घर बेहद तंग गली में है, यहां दोनों ओर गेट लगा है। ऐसे में कोई अनजान शख्स यहां आकर वारदात करने का साहस नहीं जुटा सकता है।
इसके अलावा गली में लोग बाहर बैठे रहते हैं। इससे यह साफ हो जाता है कि वारदात में किसी जानकार का हाथ है। पुलिस गली में मौजूद लोगों से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मंगलवार को कौन-कौन हसीना के घर आया था।
रिश्तेदारों को पता था कि हसीना के पास मोटी दौलत
एक रिश्तेदार सलीम ने बताया कि हसीना का कोई सगा न होने के बाद भी उनके पास काफी दौलत थी। त्रिलोकपुरी, नांगलोई के अलावा दिल्ली में उनका एक और मकान था। हाल में उन्होंने नांगलोई के अपने मकान को बेचा था।
उस पैसों का उन्होंने क्या किया, किसी को कुछ पता नहीं था। कुछ लोगों का कहना था कि हसीना ने रुपये घर में रखे थे। उन रुपयों को लूटने के लिए उनकी हत्या कर दी गई। हालांकि इस बात पर पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।
हसीना के पति रमजानी की करीब 30 साल पहले रायपुर, जिला अलीगढ़ इलाके में हत्या कर दी थी। इसके बाद हसीना के भाई रियासत ने उनकी बुलंदशहर की प्रॉपर्टी बिकवाकर दिल्ली के त्रिलोकपुरी में घर दिलवा दिया।
रियासत हसीना के घर के पास ही परिवार के साथ रहते हैं। बाकी बचे हुए पैसों से हसीना ने दिल्ली में और मकान खरीद लिए। रिश्तेदारों को पता था कि हसीना के पास मोटी दौलत है, कुछ लोगों का यह कहना था कि यही वजह उनकी मौत का कारण हो सकती है।