उम्मीद-2018ः चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में भी होगा ग्रेटर नोएडा का बड़ा नाम, ये हैं योजनाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिले में सरकारी भले एक गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी है, लेकिन निजी विश्वविद्यालय छह हैं। इनमें हजारों छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। प्रदेश के अलावा हर साल देश भर से छात्र-छात्राएं शिक्षा लेने यहां आ रहे हैं।
जिले में करीब 70 संस्थान तकनीकी शिक्षा दे रहे हैं। आने वाले साल में ग्रेनो के मेडिकल कॉलेज, नोएडा के चाइल्ड पीजीआई कॉलेज को एम्म द्वारा टेकओवर करने की पूरी संभावना है। माना जा रहा है कि देश में बंगलूरू के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा ऐसा केंद्र बनेंगे, जहां हर तरह की शिक्षा मिल सकेगी।
वर्ष 2017 में फीस बढ़ोतरी के विरोध में अभिभावक संघ ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा में जमकर आंदोलन किया। कुछ स्कूली बच्चों के साथ वारदात ने स्कूलों में सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए और इसे लेकर आंदोलन भी हुए। विशेषकर गौतमबुद्धनगर के शिक्षा अधिकार आंदोलनों की आंच लखनऊ तक पहुंची और नया शिक्षा बिल लाने की नींव रखी गई।
ग्रेटर नोएडा में 900 करोड़ की लागत वाले राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में कई वर्षों से केवल ओपीडी चल रही थी। इस वर्ष मेडिकल कॉलेज की भी तैयारी है। अक्तूबर 2017 में 27 प्रोफेसर डॉक्टरों की नियुक्ति हो गई है। जनवरी 2018 में अस्पताल में ओटी शुरू हो जाएगा। सब कुछ ठीक रहा तो अप्रैल 2018 से सत्र शुरू हो जाएगा। स्थानीय विधायक पंकज सिंह इसके लिए प्रयास कर रहे हैं।
उधर, नोएडा के सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई का टेकओवर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) कर सकता है। इसके लिए एम्स की एक समिति ने सर्वेक्षण भी किया है।
जीबीयू में ब्रेन मैपिंग रिसर्च प्रयोगशाला शुरू
गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में इस वर्ष कई नए कोर्स शुरू किए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से साइकोलॉजी विभाग में उत्तर भारत की पहली ब्रेन फिंगर मैपिंग प्रयोगशाला शुरू की गई है। इसके लिए ब्रेन वेव साइंस अमेरिका के साथ एमओयू किया गया है।
अपराधी तत्वों की मनोस्थिति को समझकर सच और झूठ का पता लगाने वाली यह पद्धति उत्तर भारत में पहली बार आई है। खास बात यह है कि इसका फायदा सीबीआई, एसटीएफ, स्पेशल फोर्सेज, पुलिस, सीबीसीआईडी आदि संस्थाओं को हो सकेगा। इसके अलावा, इस बार जीबीयू में स्कूल ऑफ बुद्धिस्ट स्टडी के साथ लेह और डेक्कन यूनिवर्सिटी का एमओयू हुआ। इसके तहत कई देशों से आए छात्र यहां शिक्षा ले रहे हैं।
एकेटीयू डिजाइनिंग इंस्टीट्यूट का बैच शुरू
एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के नोएडा सेक्टर-62 स्थित सेंटर में डिजाइनिंग इंस्टीट्यूट का इस वर्ष नया बैच शुरू हो गया है।
विश्वविद्यालयों के नए कोर्स आकर्षण
जिले में एमिटी, गलगोलिटा, नोएडा, शारदा, शिवनादर समेत आधा दर्जन निजी यूनिवर्सिटी हैं। प्रतियोगिता होने के कारण हर निजी यूनिवर्सिटी नए-नए कोर्स ला रही है। इसका फायदा छात्र-छात्राओं को मिलेगा। उनमें नए कोर्स के लिए आकर्षण रहता है।
स्कूलों में सुरक्षा मानक बढ़े
गुरुग्राम की एक वारदात से सबक लेते हुए जिले के 125 स्कूलों में सीबीएसई के सुरक्षा मानकों को लागू कराने के लिए जिला शिक्षा विभाग ने मुहिम शुरू की है। इसके लिए जिलाधिकारी और शिक्षा विभाग ने कड़ाई की और कई स्कूलों में निरीक्षण कर सख्त रवैया अपनाया। इससे बसों और स्कूल परिसर में सीसीटीवी कैमरे, बसों में आया के साथ सुरक्षा और सुविधाएं बढ़ाने पर जोर रहा।
अपराधों से खराब हुई स्कूलों की छवि
ग्रेटर नोएडा के कौशल्या वर्ल्ड स्कूल में एक बच्चे से कुकर्म का मामला अफ्रीकन एबेंसी तक पहुंचा। इसके अलावा, नोएडा के स्कूल की बस में छात्रा से छेड़छाड़ ने भी स्कूलों की छवि खराब की। वहीं, स्कूलों में मनोवैज्ञानिक होने के बावजूद कुछ विद्यार्थियों में आपराधिक वृत्तियों को पकड़ नहीं पाने जैसे आरोप भी लगे।