सड़क से घर तक जलमग्न: सुबह से कुछ खाया नहीं, बच्चों के साथ पानी बाहर फेंक रही हूं; हौज खास की रोशनी का दर्द
दिल्ली में शुक्रवार सुबह हुई बारिश के बाद कई घरों में पानी घुस गया। जिसके बाद कई परिवार वालों की परेशानी बढ़ गई। हौज खास में ग्राउंड फ्लोर में रहने वाली रोशनी मिश्रा ने अपनी व्यथा बयां की।
विस्तार
घर के अंदर तक पानी आ गया है। सारा सामान खराब हो चुका है। छोटे-छोटे बच्चे हैं, इनके साथ कहां जाऊं समझ नहीं आ रहा है। यह कहते हुए रोशनी मिश्रा रोने लगती हैं। वह हौज खास में ग्राउंड फ्लोर में रहती हैं। कहती हैं कि घर के अंदर भी वही हालात हैं, जो सड़कों पर हैं। सुबह से कुछ खाया नहीं। बच्चों के साथ केवल घर का पानी ही बाहर फेंक रही हैं। बारिश कहर बनकर आई है।
यूं ही, एम्स में इलाज कराने आए कुछ मरीजों के तीमारदार फुटपाथ के पास खड़े दिखे। उनका कहना था कि बाहर से दवाई लेने आए हैं, लेकिन पानी अब पानी इतना भर गया है कि सड़क पार नहीं कर पा रहे हैं। इस बीच कुछ लोग पानी के बीच से एम्स जाने के लिए कशमकश करते दिखे।
उधर, आईएनए की ओर जाने वाली सड़क सुरक्षा को देखते हुए एहतियातन बंद कर दी गई। यहां जलभराव इतना भीषण था कि फ्लाईओवर के छोर भी नजर नहीं आ रहे थे। ऐसे में लोगों को चार से पांच किलोमीटर अधिक चलकर जाना पड़ रहा था। साथ ही लोग बस स्टैंड पर खड़े दिखे।
लुटियन दिल्ली की सड़कें भी जलमग्न
लुटियन दिल्ली में अफ्रीका एवेन्यू, शांति पथ, चाणक्यपुरी, मदर टेरेसा रोड, तुगलक रोड समेत कई सड़कें पानी से लबालब थीं। शांति पथ पर अमेरिका, चीन, पाकिस्तान समेत कई देशों के दूतावास हैं। ऐसे में यहां एनडीएमसी के कई कर्मचारी पानी निकालते दिखे। तुगलक रोड के पास जलभराव से कुछ राहत मिली लेकिन इंडिया गेट के पास सड़कें पानी से भरी दिखीं। इसमें ऑटो चालकों से लेकर कैब चालक व निजी वाहन चालकों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, कनॉट प्लेस में व्यापारी अपनी दुकानों में जाने के लिए जूझते दिखे।