{"_id":"6668ec0f59a000fc370fa4b4","slug":"water-crisis-delhi-government-again-attacked-lieutenant-governor-vk-saxena-2024-06-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Water Crisis : पेयजल संकट पर नहीं थम रही कलह, दिल्ली सरकार ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर फिर किया वार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Water Crisis : पेयजल संकट पर नहीं थम रही कलह, दिल्ली सरकार ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर फिर किया वार
Wed, 12 Jun 2024 06:00 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 12 Jun 2024 06:00 AM IST
सार
दिल्ली सरकार ने नए आंकड़े जारी करते हुए एक बार फिर से उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर निशाना साधा है।
विज्ञापन
उपराज्यपाल वीके सक्सेना
- फोटो : एएनआई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली में पेयजल को लेकर रार थमने का नाम नहीं ले रही। दिल्ली सरकार ने नए आंकड़े जारी करते हुए एक बार फिर से उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर निशाना साधा है। हरियाणा सरकार की तरफ से कोर्ट में दाखिल एक हलफनामे का जिक्र करते हुए दिल्ली सरकार ने कहा कि दिल्ली को उसके हिस्से से कम पानी मिल रहा है।
विज्ञापन
वहीं, उपराज्यपाल की तरफ से इस मामले में सोमवार को जारी आंकड़ों पर भी सरकार ने सवाल उठाया है। उधर, राजनिवास ने दिल्ली सरकार पर अपनी विफलता के लिए बहाना बनाने का आरोप लगाया है। एलजी कार्यालय ने मंत्री से पानी चोरी करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने को कहा है।
विज्ञापन
दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में स्वीकार किया है कि दिल्ली को उसके हिस्से से कम पानी दिया गया। आंकड़े जारी करते हुए मंत्री ने कहा कि एक मई से 22 मई तक हरियाणा ने मुनक नहर से करियर लाइन चैनल (सीएलसी) में 719 क्यूसेक और दिल्ली सब ब्रांच (डीएसबी) में 330 क्यूसेक पानी छोड़ा। लोकसभा चुनाव के लिए हुए मतदान से दो-तीन दिन पहले ये पानी 91 क्यूसेक तक कम हुआ।
विज्ञापन
वहीं, पिछले चार दिन में हरियाणा ने मुनक नहर से दिल्ली को 1050 क्यूसेक के बजाय 985 क्यूसेक पानी दिया जबकि एलजी ने दावा किया कि हरियाणा से दिल्ली में पूरा पानी आ रहा है। आतिशी के मुताबिक, एलजी ने कहा कि मुनक नहर में मरम्मत की जरूरत है। मुनक से सीएलसी और डीएसबी तक पानी आता है और यहां से हैदरपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पानी जाता है।
इस पूरे हिस्से की मरम्मत का काम हरियाणा सिंचाई विभाग के अंतर्गत आता है। दिल्ली हरियाणा से जितना पानी लेती है उसके पैसे देती है। अगर नहर की मरम्मत नहीं हुई तो इसके लिए हरियाणा का सिंचाई विभाग आरोपी है। वहीं, पानी चोरी के आरोप पर आतिशी ने कहा कि अगर बवाना कांटैक्ट पॉइंट से पहले कम पानी आ रहा है तो इसका सीधा मतलब है कि टैंकरों द्वारा हरियाणा में ही मुनक नहर से पानी चुराया जा रहा है।
सुलझाने की जिम्मेदारी एलजी की : आतिशी
मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली में पानी को लेकर जहां भी समस्या है, उसे सुलझाने की जिम्मेदारी एलजी की है। यदि हरियाणा कम पानी दे रहा है तो वे हरियाणा के मुख्यमंत्री से बात करें। अगर हरियाणा का सिंचाई विभाग मुनक नहर की मरम्मत नहीं कर रहा तो वे उनसे बात करें। अगर हरियाणा में अवैध टैंकरों द्वारा मुनक नहर से दिल्ली को मिलने वाले पानी की चोरी की जा रही है तो वे हरियाणा पुलिस के साथ बातचीत करें लेकिन एलजी केवल दिल्ली सरकार पर आरोप लगाने का काम कर रहे हैं।
अवैध टैंकरों को रोकें
आतिशी ने कहा कि अगर एलजी का कहना है कि दिल्ली के अंदर अवैध टैंकर भरे जा रहे हैं तो वे तो दिल्ली पुलिस के अध्यक्ष हैं। एलजी उन जगहों पर पुलिस भेजें, अवैध टैंकर भरने से रोकें और ऐसा करने वालों को गिरफ्तार करवाएं। अगर दिल्ली में ऐसा हो रहा है और एलजी की जानकारी में है तो इसे रोकने के लिए काम करना चाहिए था।
हरसंभव मदद देगा हरियाणा : एलजी
दिल्ली में पानी की किल्लत के बीच हरियाणा ने हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है। पानी की समस्या को लेकर उपराज्यपाल ने सोमवार देर शाम हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से फोन पर बात की। बातचीत के बाद एलजी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री से बात की। उन्होंने दोहराया कि दिल्ली को आवंटित हिस्से के अनुसार पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। गर्मी व लू के कारण हरियाणा पानी की कमी से जूझ रहा है। बावजूद दिल्ली को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।