Rapid Rail: गुरुग्राम में भी जल्द खत्म होगा रैपिड रेल का इंतजार, तीन चरण में पूरा होगा कॉरिडोर
दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी कॉरिडोर को तीन चरणों में पूरा करने की योजना है। पहले चरण में दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी अर्बन कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। दूसरे चरण में इसे एसएनबी अर्बन कॉम्प्लेक्स से सोतानाला तक बढ़ाया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर के शहर खासकर गुरुग्राम, रेवाड़ी और अलवर के बीच सार्वजनिक परिवहन प्रणाली का एक नया विकल्प मिलने वाला है। रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के शाहजहांपुर-नीमराणा-बहरोड (एसएनबी) खंड का निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा। इस खंड पर सेमी हाई स्पीड ट्रेन गुरुग्राम-मानेसर-पचगांव-बिलासपुर-धारूहेड़ा-बावल- शाहजहांपुर-नीमराणा और बहरोड़ जैसे बड़े औद्योगिक क्षेत्रों के बीच बड़ी संख्या में कामगारों की आवाजाही सुगम करेगी। एक तरह से यह ट्रेन इस क्षेत्र के लिए दिल्ली मैट्रो का विकल्प बनेगी। 107 किलोमीटर लंबे इस दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी अर्बन कॉम्प्लेक्स आरआरटीएस कॉरिडोर के लिए प्री-कंस्ट्रक्शन का काम शुरू हो गया है।
तीन चरणों में लागू होगा
दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी कॉरिडोर को तीन चरणों में पूरा करने की योजना है। पहले चरण में दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी अर्बन कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। दूसरे चरण में इसे एसएनबी अर्बन कॉम्प्लेक्स से सोतानाला तक बढ़ाया जाएगा और तीसरे चरण में अलवर तक ले जाया जाएगा। फिलहाल इसका पाइप लोड टेस्टिंग का कार्य शुरू हो गया है।
बनेंगे 16 स्टेशन, अप्रैल 2025 तक चालू होने की उम्मीद
बताया जा रहा है कि पहला चरण दिसंबर 2024 तक पूरा हो सकता है। अप्रैल 2025 तक यह खंड चालू होने की भी उम्मीद जताई जा रही है। पहले चरण में कुल 16 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। इनमें से 11 एलिवेटेड स्टेशन होंगे, जबकि पांच अंडरग्राउंड होंगे। गुरुग्राम की सीमा में इसके कुल चार स्टेशन होंगे।
आरआरटीएस दिल्ली-एनसीआर की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली के लिए भाजपा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। दिल्ली-गुरुग्राम-अलवर खंड के निर्माण के बाद गुरुग्राम सहित मानेसर आईएमटी, धारूहेड़ा, बावल, रेवाड़ी जैसे प्रदेश के बड़े औद्योगिक क्षेत्र राजस्थान और उत्तर प्रदेश से सीधे कनेक्ट होंगे। हजारों यात्रियों को आवाजाही में आसानी होगी। तय समय में इसका काम पूरा होने की उम्मीद है। - राव इंद्रजीत सिंह, स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री।