पुलिस बर्बरता का वीडियो वायरल, क्या है मामला
नंद नगरी इलाके में पुलिस हिरासत में युवक की मौत मामले में पुलिस की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बुधवार को मीडिया में एक वीडियो सामने आया। इस वीडियो में शानू को जिप्सी में डालते हुए दिखाया जा रहा है।
इसमें ममता लगातार पति को पीटने की बात कर मदद की गुहार लगाती दिख रही है। कुछ पुलिसकर्मी शानू की टांग पर चढ़े हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि वीडियो बहुत साफ नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि इससे पुलिस की परेशानियां बढ़ सकती हैं।
पुलिसकर्मी उसके ऊपर चढ़कर बैठ गए थे
शानू के परिजनों ने आरोप लगाए कि जिप्सी में ले जाते समय पुलिसकर्मी उसके ऊपर चढ़कर बैठ गए थे। ऐसे में पहले पिटाई बाद में उसके ऊपर बैठना शानू की मौत की वजह बन गया।
इस मामले में पर उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस के अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हुए। उनका कहना था कि मजिस्ट्रेटी जांच हो रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वीडियो की भी मजिस्ट्रेट जांच करेंगे कि उसमें कितनी सच्चाई है। इधर भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच बुधवार को जीटीबी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम कर शव परिवार के हवाले कर दिया।
पुलिस हिरासत में हुई थी शानू की मौत
दूसरी ओर मंगलवार रात नंद नगरी में हुए बवाल मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को पुलिस हिरासत में शानू नामक युवक की मौत हो गई थी।
शानू सुल्तानपुरी थाने का बीसी था। पत्नी के साथ लौटते समय उसकी पुलिस से झड़प हुई थी। इसके बाद पुलिस पर पिटाई के आरोप लगे।
रात को नंद नगरी में हुए बवाल के बाद लोगों ने तीन बसें तोड़ने के अलावा पुलिस पर पथराव भी कर दिया था, जिसमें 12 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए थे।