NRI महिला ने मोदी को सुनाई खरी-खरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फरीदाबाद पुलिस आयुक्त के जिम्मेदार ओहदे पर बैठे सुभाष यादव पीडि़तों के साथ गैर जिम्मेदार रवैया अपनाते हैं। ऑस्ट्रेलिया में काम बंद होने की वजह से मुझे लाखों रुपये सप्ताह का नुकसान हो रहा है। सीपी कहते हैं कि उन्होंने किसी को जाने से नहीं रोका है। यह आरोप एनआरआई महिला ने शुक्रवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय परिसर में सीपी पर लगाए।
महिला के घर में 25 अक्तूबर को करीब चालीस लाख की चोरी हुई थी। पुलिस को चोर और उसकी कार की सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराने के एक माह बाद भी पुलिस खाली हाथ है। पीडि़ता का आरोप है कि पुलिस ने जांच फाइल ही खो दी है और अब उससे दोबारा दस्तावेज मांगे जा रहे हैं।
मूल रूप से सेक्टर-21डी निवासी मीना ऑस्ट्रेलिया के ग्रीफिथ शहर में रहती हैं। पेशे से कॉस्मेटोलॉजिस्ट मीना दो अक्तूबर को दिवाली मनाने यहां अपने घर आई थीं। 25 अक्तूबर को वह परिवार के साथ घूमने दिल्ली गई थीं।
शाम को जब वापस लौटीं तो घर के ताले टूटे हुए मिले। मीना के मुताबिक चोर 20,000 नगद, लैपटॉप, स्मार्टफोन, टीवी सहित करीब चालीस लाख रुपये कीमत के जेवरात उठा ले गया। पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध चोर और उसकी कार की तस्वीर कैद हो गई थी।
'तो हम क्यों न देश छोड़ें पीएम साब'
जेवर के रूप में खानदानी धरोहर चोरी हो जाने से दुखी मीना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया मिशन पर भी सवाल उठाती हैं कि खराब सिस्टम उसे सफल नहीं होने देगा। कहती हैं कि पीएम नरेंद्र मोदी आस्ट्रेलिया गए वहां उनका स्वागत हुआ।
वो कहते हैं कि आप लोग देश छोड़कर विदेशों में क्यों काम करते हो, मैं उनको बताना चाहती हूं कि हमारे देश का यह सिस्टम है इसलिए हम देश छोड़कर जाते हैं और हम वहां खुश हैं। बात कीमत और रुपयों की नहीं बात हक की है।
आप के पास चोर की फोटो है, आपके पास एडवांस टेक्नोलॉजी है फिर आप उसे क्यों नहीं पकड़ पा रहे हैं। सीपी बोले कि हमने नहीं कहा कि आप यहां रुकिए।
मेरी भी जिद है कि एक आदमी को कहां तक सफर करना पड़ता है। मैं छुट्टी लेकर बैठी हूं काम बंद होने की वजह से रोजाना लाखों का नुकसान हो रहा है।
असल में मीना ने एनआईटी पुलिस को वह सीसीटीवी फुटेज भी दे दी थी। एनआईटी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मीना ने बताया कि उन्होंने चोरी के सामान की जो लिस्ट पुलिस को सौंपी थी वह गायब हो गई है। अब उनसे चोरी के सामान की लिस्ट दोबारा मांगी जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त के रवैये से निराश होकर उन्होंने विदेश मंत्रालय से संपर्क किया तो वह कहते हैं कि हमारा मसला नहीं है। पुलिस आयुक्त सुभाष यादव ने महिला के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि मामले की जांच चल रही है। चोर की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।