Delhi: सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में शुरू होगी वैलेट पार्किंग, अवैध पार्किंग समाप्त करने को लेकर अभियान शुरू
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार व बार एसोसिशन के पदाधिकारियों से वाहनों को अपनी कोर्ट की पार्किंग में पार्क करने को कहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इन मार्गों पर अवैध पार्किंग से मुक्ति मिलेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट व पटियाला हाउस कोर्ट के आसपास स्थित मार्गों पर अवैध पार्किंग का मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है। इससे छुटकारा के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इन कोर्ट के चारों ओर स्थित मथुरा रोड, एसबी मार्ग, शेरशाह सूरी मार्ग, भगवान दास रोड व तिलक मार्ग पर अवैध पार्किंग को लेकर अभियान शुरू किया है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार व बार एसोसिशन के पदाधिकारियों से वाहनों को अपनी कोर्ट की पार्किंग में पार्क करने को कहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इन मार्गों पर अवैध पार्किंग से मुक्ति मिलेगी। इसके लिए इन कोर्ट में वैलेट पार्किंग शुरू की जाएगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट व पटियाला हाउस कोर्ट में आने वाले अधिवक्ता आदि जल्दबाजी में अपने वाहन इन मार्गों पर पार्क कर देते हैं। ऐसे में भगवान दास रोड, मथुरा रोड, शेरशाहसूरी मार्ग, इंडिया गेट, एसबी मार्ग, तिलक मार्ग व मंडी हाउस आदि मार्गों पर जाम लग जाता है। केंद्र सरकार के आदेश के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इन मार्गों पर गत बृहस्पतिवार से अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान शुरू किया है।
90 चालान किए गए
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान के पहले दिन यानि 13 मार्च को इन मार्गों पर अभियान चलाया गया। पहले दिन 90 चालान किए गए। शुक्रवार को होली व शनिवार और रविवार को अवकाश रहा। इस कारण तीन दिन अभियान नहीं था। सोमवार को नई दिल्ली में वीआईपी के कई रूट थे। इस कारण सोमवार को भी अभियान ठीक से नहीं चला था।
अवैध पार्किंग के सबसे ज्यादा चालान काटे गए
सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट व पटियाला कोर्ट दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के तिलक मार्ग सर्किल में आते हैं। इनमें एक मार्च से लेकर 16 मार्च तक कुल 2118 चालान काटे गए हैं। इनमें अवैध पार्किग के सबसे ज्यादा 1687 चालान किए गए हैं। इनके अलावा रेड लाइट जंपिंग के 125, नो एंट्री के 82, बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र के 85, बिना हेलमेट के 84, बिना लाइसेंस के 34 और खतरनाक ड्राइविंग के 21 चालान किए गए हैं।
हाईकोर्ट की पार्किंग में 1500 कारें की जा सकती है पार्क
हाईकोर्ट की अंडरग्राउंड पार्किंग है। इसमें 1500 कारें पार्क हो सकती है। ऐसे में ट्रैपिक पुलिस अधिकारियो के हाईकोर्ट के रजिस्टार व बार एसोसिएशन के सचिव अधिवक्ता सचिन से मुलाकात कर कहा कि हाईकोर्ट व अन्य कोर्ट की पार्किंग में ही कारों को पार्क करें।
पार्किंग क्षमता
हाईकोर्ट पार्किंग 1500
सुप्रीम कोर्ट पार्किंग 250
पटियाला कोर्ट 100
क्या है वैलेट पार्किंग
वैलेट पार्किंग, किसी रेस्टोरेंट, स्टोर या अन्य व्यवसाय द्वारा दी जाने वाली एक पार्किंग सेवा है। इस सेवा में ग्राहक अपनी कार को किसी वैलेट को सौंप देते हैं और वह कार उनके लिए पार्क कर देता है। वैलेट पार्किंग की सुविधा, स्व-पार्किंग के विपरीत होती है।
वैलेट पार्किंग शुरू करने के लिए कहा
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सभी कोर्ट की पार्किंग हैं, मगर जल्दबाजी में अधिवक्ता सड़क पर ही कार आदि को पार्क कर चले जाते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे में कोर्ट के पदाधिकारियों से अपनी-अपनी कोर्ट में वैलेट पार्किंग का इंतजाम करने को कहा है। माना जा रहा है कि इसका जल्द ही इंतजाम हो जाएगा।
वैलेट पार्किंग की खासियत
वैलेट पार्किंग की मदद से समय की बचत होती है।
वैलेट पार्किंग की मदद से, किसी दिए गए स्थान में ज़्यादा वाहनों को पार्क किया जा सकता है।
वैलेट पार्किंग की मदद से, कारों को करीब और सीधे पार्क किया जा सकता है।
वैलेट पार्किंग की मदद से, अवरुद्ध वाहन को मुक्त करने के लिए रास्ते से हटाया जा सकता है।